घर में घुसे तमंचाधारी बदमाशों से भिड़ा परिवार, पिता-बेटों ने दो को दबोचा, तीसरा फरार

आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र की विष्णु कॉलोनी में चोरी करने घुसे तीन बदमाशों का सामना शादी समारोह से लौटे परिवार से हो गया। एक बदमाश ने मकान मालिक दिनेश कुमार शर्मा पर तमंचा तान दिया, लेकिन वह अपने दोनों बेटों के साथ बदमाशों से भिड़ गए। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों की मदद से दो आरोपियों मुवीन और कलीम को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा बदमाश फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों से तमंचा, कारतूस, चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Nov 26, 2026 - 14:45
 0
घर में घुसे तमंचाधारी बदमाशों से भिड़ा परिवार, पिता-बेटों ने दो को दबोचा, तीसरा फरार

आगरा के शाहगंज की विष्णु कॉलोनी में आधी रात चोरी की कोशिश, बदमाश ने मकान मालिक पर ताना तमंचा, फिर भी नहीं डरे पिता और बेटे, हथियार और चोरी का माल बरामद

आगरा। शादी समारोह से लौटे एक परिवार को घर में घुसे बदमाशों का सामना करना पड़ गया। मकान का ताला टूटा देखकर पिता अपने दोनों बेटों के साथ घर के अंदर पहुंचे तो वहां तीन बदमाश चोरी में जुटे थे। एक बदमाश ने परिवार को डराने के लिए मकान मालिक पर तमंचा तान दिया, लेकिन पिता और उनके दोनों बेटे पीछे नहीं हटे। तीनों ने बदमाशों का मुकाबला करते हुए दो को दबोच लिया। हालांकि, इसी बीच तीसरा बदमाश मकान मालिक को धक्का देकर भागने में सफल रहा। पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

घटना शाहगंज थाना क्षेत्र की विष्णु कॉलोनी की है। कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह अपने दोनों बेटों राहुल और अमित तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर तीन बदमाशों ने उनके मकान को निशाना बना लिया।

घर का टूटा ताला देखकर परिवार को हुआ शक

दिनेश के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे जब वह परिवार के साथ वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। यह देखकर उन्हें घर में चोरी होने का शक हुआ। वह अपने दोनों बेटों के साथ सतर्कता बरतते हुए अंदर पहुंचे। घर में घुसते ही सीढ़ियों के नीचे दो अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिए। आरोप है कि परिवार को सामने देखकर एक बदमाश ने जेब से तमंचा निकाल लिया और दिनेश पर तान दिया।

अचानक तमंचा सामने आने के बावजूद दिनेश और उनके दोनों बेटे घबराए नहीं। तीनों ने बदमाशों का मुकाबला शुरू कर दिया। इसी दौरान मकान की ऊपरी मंजिल से एक तीसरा बदमाश हाथ में लोहे का लंबा औजार लेकर सीढ़ियों से नीचे आया। उसने दिनेश को धक्का दिया और मौके से भाग निकला।

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, दो बदमाशों को दबोचा

घर के अंदर बदमाशों और परिवार के बीच संघर्ष के दौरान शोर-शराबा होने लगा। आवाज सुनकर पड़ोसी राहुल आर्या समेत मोहल्ले के कई लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने मिलकर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। इस दौरान दोनों आरोपियों को कुछ चोटें भी आईं। इसके बाद घर की तलाशी ली गई तो अलमारी टूटी हुई मिली। दिनेश के अनुसार, अलमारी में रखी एक जोड़ी बिछुआ, एक जोड़ी पायल, सोने की अंगूठी और कुछ नकदी गायब थी। इससे साफ हो गया कि बदमाश चोरी करने के इरादे से घर में घुसे थे।

तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान बरामद

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम मुवीन और कलीम बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी तमंचा, कारतूस, लोहे का छोटा सब्बल और रिंच बरामद हुआ। मकान के बाहर बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर बाइक भी खड़ी मिली। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे इसी बाइक से चोरी करने आए थे। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों की तलाशी ली तो मुवीन की जेब से एक जोड़ी बिछुआ और सोने की अंगूठी बरामद हुई। वहीं, कलीम की पैंट की जेब से एक जोड़ी पायल और 980 रुपये मिले। दिनेश ने बरामद आभूषणों की पहचान अपने घर की अलमारी से चोरी हुए सामान के रूप में की।

दो आरोपी पुलिस के हवाले, तीसरे की तलाश

घटना के बाद दिनेश कुमार शर्मा दोनों पकड़े गए आरोपियों और बरामद सामान के साथ शाहगंज थाने पहुंचे। पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, फरार तीसरे बदमाश की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।