ब्रज की संस्कृति, कला और इतिहास का खजाना है ‘मंजूषा’, विद्वानों ने बताया शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ, गीता शोध संस्थान में कपिल देव उपाध्याय की पुस्तक का लोकार्पण, संगोष्ठी में ब्रज की साहित्यिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर मंथन

वृंदावन। ब्रज की समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं, कला और इतिहास को एक स्थान पर समेटने वाली साहित्यकार कपिल देव उपाध्याय की पुस्तक ‘मंजूषा’ का बुधवार को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर ‘ब्रज संस्कृति के विविध आयाम एवं संरक्षण’ विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित हुई, जिसमें विद्वानों और संतों ने ब्रज की विरासत के संरक्षण तथा साहित्यकारों को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए।

Nov 26, 2026 - 21:12
 0
ब्रज की संस्कृति, कला और इतिहास का खजाना है ‘मंजूषा’, विद्वानों ने बताया शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ, गीता शोध संस्थान में कपिल देव उपाध्याय की पुस्तक का लोकार्पण, संगोष्ठी में ब्रज की साहित्यिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर मंथन
गीता शोध संस्थान में कपिल उपाध्याय की पुस्तक ‘मंजूषा’ का विमोचन करते अतिथिगण।

पुस्तक का लोकार्पण ब्रज के प्रमुख आध्यात्मिक संत श्रीवत्स गोस्वामी, भागवताचार्य अच्युत लाल भट्ट तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा गुरुकुल के बटुकों के मंगलाचरण और स्वस्ति वाचन से हुआ।

ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डॉ. उमेश चंद्र शर्मा ने पुस्तक का परिचय देते हुए बताया कि ‘मंजूषा’ में ब्रज की संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, कलाओं और इतिहास से जुड़े आलेख संकलित हैं। इसमें वीर गोकुला जाट और महमूद गजनवी के आक्रमण जैसे ऐतिहासिक प्रसंगों को भी स्थान दिया गया है। उन्होंने इसे शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ कृति बताया।

श्रीवत्स गोस्वामी ने कहा कि ब्रज के साहित्यकारों का योगदान आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। कपिल देव उपाध्याय ने ‘मंजूषा’ के माध्यम से ब्रज के विविध विषयों की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराई है। भागवताचार्य अच्युत लाल भट्ट ने ब्रज की आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक महत्ता पर विचार रखे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने कहा कि यह पुस्तक ब्रज की कला, साहित्य, संस्कृति और इतिहास को जानने के इच्छुक लोगों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। गीता शोध संस्थान के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा और क्षेत्रीय संस्कृति के अध्ययन में रुचि बढ़ रही है। ऐसे में ‘मंजूषा’ जैसी पुस्तक विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी है।

समाजशास्त्र एवं अन्य विषयों से जुड़े विद्वानों ने भी अपने विचार रखे। लेखक कपिल देव उपाध्याय ने पुस्तक की लेखन-यात्रा और विषयवस्तु की जानकारी देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भागवताचार्य बद्री जी महाराज, सूरदास ब्रजभाषा अकादमी के निदेशक डॉ. केशव देव शर्मा, पूर्व डीआईओएस एसपी गोस्वामी, महेश चंद्र शर्मा, उद्योगपति पवन चतुर्वेदी, गिरधारी लाल पाठक, दान बिहारी शर्मा, नीतू गोस्वामी, दूधनाथ यादव, वृंदावन के क्षेत्राधिकारी तथा आधा दर्जन न्यायिक अधिकारी सहित अनेक संत, विद्वान और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में संत नागिरीदास महाराज, मार्तंड उपाध्याय और दीपक शर्मा सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor