सपा के घोषणा पत्र में जेन जी के लिए कई वादे, 5 हजार रुपये भत्ते, 25 लाख नौकरी तक की बात

सपा के मैनिफेस्टो में जेन जी का खास ख्याल रखा गया है। घोषणा पत्र में भत्तों से नौकरी तक का ऐलान किया गया है।

Nov 26, 2026 - 17:53
Nov 26, 2026 - 22:04
 0
सपा के घोषणा पत्र में जेन जी के लिए कई वादे, 5 हजार रुपये भत्ते, 25 लाख नौकरी तक की बात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में जेन जी का खास ख्याल रखा गया है। 5 हजार रुपये मासिक भत्ते से लेकर नौकरियों तक के वादे किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने सरकार बनने पर अगले पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। इसके अलावा 2 से 3 करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। सरकारी विभागों में सभी खाली पद समयबद्ध तरीके से भरे जाएंगे और भर्ती परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा। पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ सभी परीक्षाएं समय पर कराने का वादा किया गया है।
सपा ने हर साल 5 लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों के जरिए प्रशिक्षित करने और एमएसएमई सेक्टर के माध्यम से 2032 तक एक करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा है। पार्टी ने वादा किया है कि नौकरी मिलने तक बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा। एआई से प्रभावित होने वाले युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। अग्निवीर योजना के विरोध में राज्य पुलिस और अन्य विभागों में युवाओं को रोजगार देने का भी ऐलान किया गया है। इसके अलावा छात्राओं के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास और करियर परामर्श केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

समाजवादी पार्टी ने सामाजिक न्याय के एजेंडे के तहत उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने और पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के सामाजिक व आर्थिक विकास को प्राथमिकता देने का वादा किया है। पार्टी ने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है। निजी स्कूलों में आरक्षित वर्ग के छात्रों की फीस सरकार जमा करेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उत्थान के लिए बजट का 20 फीसदी खर्च करने का भी वादा किया गया है।

सपा ने पीडीए, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने का ऐलान किया है, जहां 5 रुपये में थाली मिलेगी। प्रवासी मजदूरों के लिए हेल्पलाइन बनाई जाएगी और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम लाने के साथ वृद्धाश्रम और क्लब बनाए जाएंगे। दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल के साथ सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा भी किया गया है।

सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। अनुसूचित जनजाति और अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए अलग-अलग बोर्ड बनाए जाएंगे।