अनूप जलोटा, किरण कुमार और सुधा चंद्रन पहुंचे मनौना धाम, बाबा श्याम के दरबार में की पूजा-अर्चना

-आरके सिंह- बरेली। आंवला स्थित श्री श्याम जी मंदिर मनौना धाम में बुधवार को भक्ति और सिनेमा का संगम देखने को मिला। फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पहुंचे भजन सम्राट अनूप जलोटा, अभिनेता किरण कुमार, अभिनेत्री सुधा चंद्रन और हर्षिता रोहेला ने बाबा श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कलाकारों ने महंत ओमेंद्र महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान अनूप जलोटा ने मंदिर में भजन का फिल्मांकन भी कराया।

Nov 26, 2026 - 22:47
 0
अनूप जलोटा, किरण कुमार और सुधा चंद्रन पहुंचे मनौना धाम, बाबा श्याम के दरबार में की पूजा-अर्चना
मनौना धाम में महंत ओमेंद्र महाराज से आशीर्वाद लेते किरण कुमार और सुधा चंद्रन।

मनौना धाम में मौजूद भजन गायक अनूप जलोटा।

शूटिंग के दौरान कलाकारों ने मंदिर की भव्यता, स्वच्छता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। अभिनेता किरण कुमार ने कहा कि मनौना धाम की शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा ने उन्हें प्रभावित किया है। अवसर मिलने पर वह दोबारा यहां आना चाहेंगे। सुधा चंद्रन और हर्षिता रोहेला ने भी महंत से मुलाकात और आशीर्वाद को सुखद अनुभव बताया।

अनूप जलोटा ने मंदिर में विदेशी श्रद्धालुओं से बातचीत की और धाम में नवनिर्मित 131 फीट ऊंचे त्रिशूल का अवलोकन किया। त्रिशूल का फिल्मांकन भी कराया गया। महंत ओमेंद्र महाराज ने कलाकारों को धैर्य, सत्य, सेवा और श्रद्धा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। किरण कुमार, सुधा चंद्रन और हर्षिता रोहेला ने महंत से श्याम जल भी ग्रहण किया।

धाम के प्रधान प्रबंधक आरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में यहां कई प्रसिद्ध फिल्मों और धारावाहिकों की शूटिंग हो चुकी है। मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना के अनुसार, मनौना धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन रहा है। धार्मिक पर्यटन के साथ फिल्म जगत की बढ़ती दिलचस्पी से भी इसे नई पहचान मिल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor