सात साल पहले क्रूरता से बचाए गए तीन भालू अब आगरा में जी रहे आजादी की जिंदगी

आगरा। कभी सड़क पर तमाशा दिखाने के लिए अमानवीय यातनाएं झेलने वाले आर्थर, रॉन और मॉली आज आगरा भालू संरक्षण केंद्र में सुरक्षित और स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं। सात साल पहले वन्यजीव तस्करों के चंगुल से बचाए गए इन तीन स्लॉथ भालुओं ने अब अपने प्राकृतिक व्यवहार को फिर से अपनाना शुरू कर दिया है। पेड़ों पर चढ़ना, मिट्टी खोदना, भोजन तलाशना और खेलना उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है।

Nov 26, 2026 - 21:44
 0
सात साल पहले क्रूरता से बचाए गए तीन भालू अब आगरा में जी रहे आजादी की जिंदगी
आगरा स्थित भालू संरक्षण केंद्र में मौजूद वे भालू, जिसे सात साल पहले रेस्क्यू किया गया था।

वर्ष 2019 में वाइल्डलाइफ एसओएस और झारखंड वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर वन्यजीव तस्करों से पांच स्लॉथ भालुओं को बचाया था। इनमें आर्थर, रॉन और मॉली भी शामिल थे। हैरी पॉटर सीरीज के वीज़ली परिवार के नाम पर इन्हें प्यार से ‘वीज़ली बेयर’ कहा जाता है। तस्करों ने इन भालुओं की थूथन में घाव कर दिए थे और दांत तोड़ दिए थे, ताकि उनसे सड़क पर जबरन प्रदर्शन कराया जा सके। बचाव के बाद इन्हें आगरा स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस के भालू संरक्षण केंद्र में लाकर उपचार और पुनर्वास की सुविधा दी गई।

सात वर्षों में तीनों भालुओं के व्यवहार में उल्लेखनीय बदलाव आया है। आर्थर बेहद ऊर्जावान है। वह पेड़ों पर चढ़ता है और अपने बाड़े में लगाए गए झूलों से खेलता है। रॉन तीनों में सबसे छोटा और जिज्ञासु है। उसे मिट्टी खोदने, कीड़े तलाशने और पौधे उखाड़ने का शौक है। इसी वजह से उसे केंद्र का ‘अनऑफिशियल माली’ भी कहा जाता है। सकारात्मक प्रशिक्षण के कारण वह नियमित स्वास्थ्य जांच में भी सहयोग करने लगा है।

वहीं, कभी डरी-सहमी रहने वाली मॉली अब सक्रिय और जिज्ञासु हो गई है। उसे खुदाई करने, दीमक के टीलों की तलाश, पेड़ों पर चढ़ने और पजल फीडर से खेलने में आनंद आता है। उसकी देखभाल के लिए नियमित स्वास्थ्य निगरानी, पोषण और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाते हैं, ताकि पशु चिकित्सक तनाव के बिना उसकी जांच कर सकें।

वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक एवं सचिव गीता शेषमणि ने कहा कि बचाव से पहले इन भालुओं ने इंसानों के हाथों बहुत अत्याचार सहा था। अब उन्हें घूमने, भोजन तलाशने, खेलने और आराम करने की आजादी मिली है। उन्हें अपनी शर्तों पर जीवन जीते देखना आजादी का वास्तविक अर्थ समझाता है।

वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के निदेशक बैजूराज एम.वी. ने कहा कि पुनर्वास का उद्देश्य भालुओं को उनके प्राकृतिक व्यवहार को फिर से अपनाने का अवसर देना है। आर्थर, रॉन और मॉली की गतिविधियां बताती हैं कि बचाव के बाद उन्हें सुरक्षित और बेहतर जीवन देने के लिए लंबे समय तक देखभाल, धैर्य और संवेदनशीलता कितनी जरूरी है।

SP_Singh AURGURU Editor