परखम के गऊ ग्राम में कल सीएम योगी करेंगे गौ-विज्ञान के नए प्रकल्पों का शुभारंभ, आयुर्वेद कॉलेज से छात्रावास तक कई योजनाओं की सौगात, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित गऊ ग्राम, परखम में गौ-संरक्षण, गौ-विज्ञान, आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गऊ ग्राम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल के मद्देनजर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
शनिवार को प्रातः 10 बजे से दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम, परखम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास (विद्यार्थी छात्रावास) का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा कर्मचारी आवासीय परिसर (2 बीएचके) का शिलान्यास भी करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर परम पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज तथा आचार्य महामंडलेश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के श्री अवधेशानंद गिरि जी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे।
लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, केंद्रीय राज्यमंत्री, मत्स्य पालन एवं पशुपालन; उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
इनके अलावा भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या तथा विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के लिए समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री के उद्बोधन के लिए मंच और विशाल पंडाल तैयार कर लिया गया है। वीआईपी अतिथियों, पत्रकारों, विशिष्ट अतिथियों और आम आगंतुकों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर में रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया है।
कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों के आगमन को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस एवं प्रशासन भी सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।