संत रविदास के संदेशों के बीच संस्कार भारती की 24वीं नमन काव्य गोष्ठी में गूंजे कविता के स्वर, कवियों ने समाज की विसंगतियों, मां की ममता और प्रेम के विविध रंगों को शब्दों में पिरोया

आगरा। संस्कार भारती, आगरा महानगर, ब्रज प्रांत की ओर से माधव भवन, जयपुर हाउस में 24वीं नमन काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। संत एवं कवि रविदास (रैदास) जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुई गोष्ठी में आगरा सहित विभिन्न स्थानों से आए कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों, मानवीय संवेदनाओं, प्रेम, मां की ममता और बदलते जीवन मूल्यों को अभिव्यक्ति दी।

Nov 27, 2026 - 18:27
 0
संत रविदास के संदेशों के बीच संस्कार भारती की 24वीं नमन काव्य गोष्ठी में गूंजे कविता के स्वर, कवियों ने समाज की विसंगतियों, मां की ममता और प्रेम के विविध रंगों को शब्दों में पिरोया
संस्कार भारती द्वारा माधव भवन में आयोजित 24वीं नमन काव्य गोष्ठी में मौजूद कवि और अतिथिगण।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं प्रचारक माननीय बांकेलाल गौड़, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डॉ. ब्रज बिहारी लाल 'बिरजू', वरिष्ठ कवयित्री विजया तिवारी तथा प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

एकल काव्यपाठ करते हुए प्रभुदत्त उपाध्याय ने आधुनिक जीवन में बढ़ती दूरियों और औपचारिक होते रिश्तों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा—

आदमी से दूर कितना हो चला है आदमी।
रोज टच में हैं मगर टच में नहीं है आदमी।

वरिष्ठ कवि अशोक गोयल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत करने के साथ अपनी कविता में कवि, कलम और सृजन की सार्थकता को मां भारती की श्रेष्ठ रचनाओं से जोड़ा। उन्होंने कहा—

रथ तरसते रहे सारथी के लिए।
हुई विकल प्रार्थना आरती के लिए।

ब्रजभाषा की वरिष्ठ कवयित्री मीना शर्मा ने सतयुग से कलयुग तक मन, वचन और कर्म से संघर्षरत रहने के बावजूद समाज में उठते सवालों को अपनी रचना के माध्यम से सामने रखा।

एकल काव्यपाठ में राकेश शर्मा 'दद्दू' ने मानवीय मूल्यों के पतन पर व्यंग्य करते हुए कहा—

खुदा ने ऐसी दी संतान,
शरम से झुक गया हर इंसान।

कवयित्री अलका शर्मा ने पूस की कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने वाले गरीबों की पीड़ा को अपनी कविता में स्वर दिया। उन्होंने कहा—

वो पूस की रात ठहर जाती है जिंदगी,
कोई नहीं सुनता उनकी पुकार।

ब्रजभाषा के वरिष्ठ कवि डॉ. ब्रज बिहारी लाल 'बिरजू' ने प्रेम को जीवन की पतवार बताते हुए उसके व्यावसायीकरण पर चोट की। उनकी पंक्तियां थीं—

प्यार पतवार है, मझधार नहीं है।
प्यार इकरार है, इनकार नहीं है।

गोष्ठी का संचालन कर रहे कवि संजय कुमार एडवोकेट ने मां के प्रति प्रेम और समर्पण को अपनी रचना में व्यक्त किया—

मेरा मेरी मां के कदमों में सारा संसार है,
मेरे जीवन की बस ये ही पहचान है।

मैनपुरी से आए गीतकार जसमीत मोहन ने राधा-कृष्ण के प्रेम प्रसंग को गीतात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी पंक्तियों ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया—

राधा देख रही है दरपन,
लाज से पानी-पानी है।

काव्य गोष्ठी में संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं प्रचारक बांकेलाल गौड़, वरिष्ठ कवयित्री विजया तिवारी, प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, सुरेन्द्र कुमार झा (टूंडला), चित्रकार एवं कवयित्री रश्मि सिंह, आचार्य उमाशंकर पाराशर, प्रकाश गुप्ता 'बेबाक', राजीव शर्मा 'निस्पृह', इंजीनियर अजय कुमार मिश्रा 'अजेय', मोहिनी भटनागर, डॉ. राजेन्द्र दवे, रूपेश कुलश्रेष्ठ 'स्नेह', राकेश शर्मा 'निर्मल', राजीव क्वात्रा 'आगरावासी', भूपेश कुमार वर्मा, डॉ. राजेन्द्र कुमार दवे, सुश्री शारदा और हरीश कुमार सिंह भदौरिया सहित अन्य रचनाकारों ने भी काव्यपाठ किया।

कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार एडवोकेट और अलका शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। संयोजन प्रभुदत्त उपाध्याय ने किया। सरस्वती वंदना वरिष्ठ कवि अशोक गोयल ने प्रस्तुत की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल ने किया।

इस अवसर पर सतीश चन्द गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल, इंजीनियर संदीप बंसल, प्रदीप सिंघल, नन्द किशोर, ललित कुमार, अमित भटनागर, हुकम सिंह, वन्दना बंसल, मुकेश चन्द शर्मा, जग मोहन गुप्ता, दीपक गर्ग, डॉ. यशोयश, विजय पाल सिंह, अनिल भटनागर, लक्ष्मण सिंह वर्मा और राम अवतार शर्मा सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor