'बांग्लादेश में दुनिया की सबसे तेज सर्जिकल स्ट्राइक कर सकती है इंडियन आर्मी', बांग्‍लादेशी सेना के एक्सपर्ट ने चेताया

बांग्लादेश के पूर्व आर्मी अफसर को लगता है कि उनका देश भारत से किसी टकराव की सूरत में बेहद कमजोर हालात में है। भारत की सैन्य कार्रवाई की सूरत में बांग्लादेश के पास उसकी कोई जवाब नहीं होगा।

Nov 27, 2026 - 18:58
 0
'बांग्लादेश में दुनिया की सबसे तेज सर्जिकल स्ट्राइक कर सकती है इंडियन आर्मी', बांग्‍लादेशी सेना के एक्सपर्ट ने चेताया


ढाका। बांग्लादेश सेना के रिटायर्ड मेजर दिलावर हुसैन खान का मानना है कि भारत के सामने उनकी सैन्य स्थिति बहुत कमजोर है। भारत चाहे तो बहुत कम वक्त में बांग्लादेश में सर्जिकल स्ट्राइक जैसे किसी ऑपरेशन को अंजाम दे सकता है। इसमें पाकिस्तान भी बांग्लादेश की कोई मदद नहीं कर सकेगा। खान ने एक पॉडकास्ट में ये बातें कही हैं। भारत के सैन्य हमले के डर की बात करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है। पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह के बांग्लादेश पर हमले से जुड़े बयान के बीच उनका ये वीडियो सामने आया है।

बांग्लादेश की आर्मी में गनर ऑफिसर, बम डिस्पोजल, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन और चटगांव हिल ट्रैक्ट्स का अनुभव रखने वाले दिलवार हुसैन खान सैन्य विषयों पर किताब भी लिख चुके हैं। डिफेंस मामलों के जानकार खान का ये नया वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब भारत से बांग्लादेश के रिश्ते बहुत अच्छे दौर में नहीं हैं और पाकिस्तान से उसकी नजदीकी बढ़ी है।

रिटायर्ड मेजर खान का कहना है कि अगर भारत किसी सूरत में बांग्लादेश पर हमला करता है तो यह इतिहास की सबसे तेज सर्जिकल स्ट्राइक होगी। भारत चाहे तो बहुत तेजी से बांग्लादेश में घुस सकता है। भारत तीन दिशा से बांग्लादेश में घुसने की सलाहियत रखता है क्योंकि हमारे देश का ज्यादातर इलाका भारत से घिरा हुआ है।

दिलावर हुसैन का कहना है कि साल 1971 में भारतीय सेना ने बांग्लादेश के काफी अंदर तक जाकर ऑपरेशन किया था। 1971 में इंडियन आर्मी यहां आकर पाकिस्तानी फौज से लड़ चुकी है। उनके पास पूरे इलाके का मैप है और आर्मी को इस इलाके में लड़ने का अनुभव भी है। 1971 में बांग्लादेश को इंडियन आर्मी ने आजादी दिलाई थी।

खान का कहना है कि भारतीय सेना की तरह बांग्लादेशी आर्मी को भी लड़ाई की परिस्थिति की समझ बढ़ाने और इसकी तैयारी रखने की जरूरत है। उन्होंने साफ कहा है कि पाकिस्तान हमसे हजारों मील दूर है और वह कोई मदद नहीं कर सकेगा। खान ने बांग्लादेश को गायबंधा जैसे जिलों में डिवीजन की जरूरत पर जोर दिया है।

खान का ये वीडियो इसलिए भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है क्योंकि हाल ही में पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने एक बयान में कहा है कि 16 दिसंबर तक भारत का बांग्लादेश पर कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के मामले में अब और कोई बहाना नहीं चलेगा। बांग्लादेश से हम बदला लेंगे। इसमें कोई शक नहीं है।

भारत और बांग्लादेश के संबंध ज्यादातर समय अच्छे रहे हैं। भारत ने ही पाकिस्तान को जंग में हराकर 1971 में बांग्लादेश की आजादी का रास्ता साफ किया था। ऐसे में बांग्लादेश में एक बड़ा वर्ग भारत के लिए हमदर्दी रखता रहा है। वहीं दक्षिणपंथी रुझान के लोग भारत पर ढाका में दखल का आरोप लगाते हैं और पाकिस्तान से करीबी की हिमायत करते हैं।

बांग्लादेश और भारत के रिश्ते बीते दो साल में काफी उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। शेख हसीना के समय भारत और बांग्लादेश के बीच नजदीकी थी। अगस्त, 2024 में हसीना सरकार गिरने के बाद यूनुस के अंतरिम प्रशासन ने भारत से तल्खी बढ़ाई। वहीं मौजूदा तारिक सरकार ने भी दिल्ली से संबंधों में सुधार की बहुत कोशिश नहीं की है। हालांकि दोनों देशों में सैन्य टकराव जैसी कोई स्थिति नहीं है।