आगरा कॉलेज की दोटूक: मेट्रो को तय सीमा से एक इंच भी अतिरिक्त जमीन नहीं देंगे, क्षतिग्रस्त संपत्ति का भी वसूलेंगे मुआवजा, 10 सूत्रीय मांगों पर सोमवार तक लिखित जवाब दे मेट्रो प्रशासन, संयुक्त टीम करेगी जमीन की पैमाइश; प्राचार्य के अनुरोध पर फिलहाल स्थगित हुआ आंदोलन
आगरा। आगरा कॉलेज की ऐतिहासिक भूमि और खेल मैदान को लेकर मेट्रो परियोजना के साथ चल रहे विवाद में कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि परियोजना के लिए पहले से निर्धारित और चिन्हित भूमि के अलावा एक इंच अतिरिक्त जमीन भी नहीं दी जाएगी। मेट्रो निर्माण कार्यों से कॉलेज की भूमि, खेल मैदान और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कराकर नियमानुसार मुआवजा भी लिया जाएगा। शुक्रवार को छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के विरोध-प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला की मौजूदगी में मेट्रो परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार राय और कॉलेज प्रशासन के बीच हुई वार्ता में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। सोमवार को दोनों पक्षों की संयुक्त टीम मौके पर भूमि की पैमाइश करेगी। मेट्रो प्रशासन ने कॉलेज की 10 सूत्रीय मांगों पर लिखित जवाब और कार्यों को पूरा करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना देने का आश्वासन भी दिया है।
इससे पहले मेट्रो परियोजना के कार्यों से कॉलेज की भूमि और संपत्ति को हो रहे नुकसान तथा पूर्व में उठाई गई मांगों के समाधान में देरी को लेकर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज की जमीन और ऐतिहासिक खेल मैदान की सुरक्षा के साथ मेट्रो निर्माण से क्षतिग्रस्त संपत्तियों की भरपाई तथा प्रशासन के समक्ष रखी गई 10 सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद मेट्रो परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार राय कॉलेज पहुंचे। प्राचार्य कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच विस्तृत वार्ता हुई। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेट्रो परियोजना के लिए जितनी भूमि पहले से निर्धारित और चिन्हित करके उपलब्ध कराई गई है, परियोजना का उपयोग उसी सीमा तक सीमित रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त कॉलेज की एक इंच भूमि भी मेट्रो को नहीं दी जाएगी।
सोमवार को होगी संयुक्त पैमाइश
भूमि की वास्तविक सीमा को लेकर किसी तरह की असमंजस या भविष्य में अतिक्रमण की आशंका समाप्त करने के लिए सोमवार को मेट्रो परियोजना के निदेशक और आगरा कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम मौके पर पैमाइश करेगी। इसमें पहले से उपलब्ध कराई गई जमीन की सीमा का विधिवत सत्यापन किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संयुक्त पैमाइश के बाद निर्धारित सीमा से बाहर किसी भी तरह का निर्माण या भूमि का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।
क्षतिग्रस्त संपत्ति का मांगा जाएगा मुआवजा
वार्ता में मेट्रो निर्माण कार्यों से कॉलेज की भूमि, ऐतिहासिक खेल मैदान और अन्य संपत्तियों को पहुंचे नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि क्षति का विधिवत आकलन कराया जाएगा और उसके आधार पर मेट्रो प्रशासन से नियमानुसार मुआवजे की मांग की जाएगी। कॉलेज की संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करना मेट्रो प्रशासन की जिम्मेदारी है।
10मांगों पर लिखित जवाब का आश्वासन
कॉलेज प्रशासन ने पूर्व में प्रस्तुत 10 सूत्रीय मांगों को भी वार्ता में प्रमुखता से उठाया। कहा गया कि पहले जिन शर्तों और बिंदुओं पर सहमति बनी थी, उनका पूरी तरह पालन होना चाहिए। इस पर परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने सोमवार तक सभी 10 बिंदुओं पर लिखित जवाब देने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रत्येक लंबित कार्य को पूरा करने की स्पष्ट समय-सीमा के साथ कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा पूर्व सहमति के आधार पर निर्धारित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
शिक्षक से दुर्व्यवहार का मामला भी उठा
वार्ता में कॉलेज के एक शिक्षक के साथ मेट्रो कर्मचारियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मामला भी गंभीरता से उठाया गया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस संबंध में थाना लोहामंडी, आगरा में तहरीर दी गई है और संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला ने मामले की जांच कराकर विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, परियोजना निदेशक ने बताया कि घटना में अभद्रता करने वाले संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया गया है।
प्राचार्य के अनुरोध पर स्थगित हुआ धरना
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान है। इसकी भूमि, संपत्ति, ऐतिहासिक विरासत और गरिमा की रक्षा करना कॉलेज प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास परियोजनाओं के नाम पर कॉलेज के अधिकारों और हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। मेट्रो परियोजना के सभी कार्य पूर्व निर्धारित सहमति और शर्तों के अनुरूप ही होने चाहिए।
परियोजना निदेशक की ओर से सोमवार तक लिखित जवाब, समयबद्ध कार्ययोजना और संयुक्त पैमाइश का आश्वासन मिलने के बाद प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने शिक्षक संगठनों और स्टाफ क्लब से फिलहाल धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का अनुरोध किया। इस पर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र संगठनों ने सहमति जताई। तय किया गया कि सोमवार को मेट्रो प्रशासन के लिखित जवाब, संयुक्त पैमाइश और प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय होगी।
कॉलेज प्रशासन ने दोहराया कि भूमि, संपत्ति, खेल मैदान और शैक्षणिक गरिमा की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित सीमा से अतिरिक्त एक इंच जमीन नहीं दी जाएगी और क्षतिग्रस्त संपत्ति का उचित मुआवजा लेने के साथ सभी 10 सूत्रीय मांगों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने उम्मीद जताई कि मेट्रो प्रशासन सोमवार को दिए गए आश्वासनों को लिखित रूप में पूरा कर लंबित विवादों का संतोषजनक समाधान करेगा।