शरद पवार की पार्टी परिसीमन बिल का करेगी समर्थन, बोले- पुनर्गठन जरूरी है, बिल का पास होना नंबर गेम पर टिका
शरद पवार की पार्टी के सीनियर विधायक जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि हमारी पार्टी परिसीन बिल का समर्थन करेगी। शरद पवार से मुलाकात के बाद उन्होंने ये जानकारी दी।
नई दिल्ली। शरद पवार की पार्टी ने साफ कर दिया है कि वो संसद में डिलिमिटेशन बिल का समर्थन करेगी। शरद पवार से मुलाकात के बाद विधायक जितेंद्र आव्हाड ने बताया कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन को लेकर शरद पवार ने उसे अनौपचारिक बातचीत में कहा था कि निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन जरूरी होता है। लोकसभा में शरद पवार की पार्टी के पास आठ सांसद हैं।
लोकसभा में किसी भी संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत जरूरी होता है। बहुमत का गणित देखें तो इसके लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। एनडीए के पास फिलहाल 320 वोट हैं, यानी ये बहुमत के आंकड़े से 40 वोट कम हैं। 320 नंबर के आंकड़े में लोकसभा स्पीकर की भी गिनती है। वहीं इंडिया गठबंधन के पास 183 और अन्य दलों के पास 35 वोट हैं।
ऐसे में सरकार को विधेयक पास कराने के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा। राज्यसभा में भी सरकार के सामने बहुमत जुटाने की चुनौती होगी। यहां संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए 163 वोटों की जरूरत है, जबकि एनडीए के पास 152 वोट हैं जो जरूरी आंकड़े से 11 वोट कम हैं। इंडिया गठबंधन के पास 64 और अन्य दलों के पास 28 वोट हैं। राज्यसभा में भी सरकार को दूसरे दलों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार को दोनों सदनों में जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटाना होगा।
परिसीमन बिल को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज (27 नवंबर) हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई।
लोकसभा में बिल पास कराने के लिए जादुई आंकड़ा 360 है लेकिन जब वोटिंग होगी तो बहुमत का गणित बदल भी सकता है। सदन की कुल 543 सीटों में से 3 सीटें खाली हैं, वहीं एक सीट पर लोकसभा स्पीकर हैं जिनका वोट सिर्फ दोनों तरफ के वोट टाई होने पर ही इस्तेमाल होगा। दो सांसद जेल में हैं। पंजाब की खडूर साहिब सीट से सांसद अमृतपाल सिंह और जम्मू कश्मीर की बारामूला सीट से सांसद इंजीनियर राशिद जेल में हैं। अगर वोट दिया तो ठीक, अगर नहीं दे पाए तो टोटल नंबर बदल जाएगा।
एक सांसद निलंबित हैं। जुलाई में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित किया गया था। ऐसे में प्रभावी संख्या 543 से घटकर 536 रह जाती है। इस हिसाब से संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए दो-तिहाई यानी 358 वोटों की जरूरत होगी। यानी सरकार के लिए बहुमत जुटाने का पूरा गणित इसी नए नंबर गेम पर टिका होगा।