नुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे रोहित शर्मा, कप्तानी की घोषणा के बाद बोले- मैं आईपीएल 2027 की चुनौतियों के लिए तैयार
एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा ने कहा, "मैं आईपीएल 2027 और आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हूं। मैं अपनी ‘पलटन’ को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए तैयार हूं।"
मुंबई। मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है कि रोहित शर्मा आईपीएल 2027 में कप्तान होंगे। एमआई द्वारा जारी स्टेटमेंट में रोहित ने कहा कि वह लीडर के रूप में अगले संस्करण और आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि टीम का पूरा ध्यान अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एक साथ मिलकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।
कप्तान बनने के बाद अपने पहले बयान में रोहित शर्मा ने कहा, "मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है, और इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा से बहुत गर्व रहा है। आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ हुई बातचीत काफी रोमांचक रही है, और मुझे पूरा भरोसा है कि हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं आईपीएल 2027 के लिए तैयार हूं। आने वाली चुनौतियों का सामना करने और अपनी ‘पलटन’ को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए भी तैयार हूं। हमारा पूरा ध्यान अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एक साथ मिलकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगाॉ।"
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने कहा, "हमने 2011 में रोहित के लिए बोली लगाई थी, और उसी पल से वह हमारे मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा बन गए। मुझे आज भी याद है जब युवा रोहित हमसे जुड़े। इतने सालों में उसे एक क्रिकेटर, एक चैंपियन, एक लीडर और एक बेहतरीन पारिवारिक इंसान के रूप में आगे बढ़ते देखना हमारे लिए बहुत खुशी और सौभाग्य की बात रही है।"
आकाश अंबानी ने रोहित के कप्तान नियुक्त किए जाने पर खुशी जताते हुए कहा, "एमआई और हमारी 'पलटन' के साथ रोहित का जुड़ाव वाकई बहुत खास है। आने वाले सीज़न को लेकर हमारी बातचीत में, हम दोनों में ही एक जैसा उत्साह और कुछ बड़ा हासिल करने का जज़्बा दिखा। रोहित के अनुभव और नेतृत्व, और हम जिस शानदार टीम को तैयार कर रहे हैं, उसे देखते हुए आगे के लिए बहुत कुछ उम्मीदें हैं। हम ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं जिस पर हमारी 'पलटन' को गर्व हो, और हम मिलकर कई और यादगार पल बना सकें।”