अब जैरीमेंडरिंग शब्द की चर्चा तेज, विपक्षी दलों में फैला डर, परिसीमन बिल को हर हाल में रोकना चाहता है विपक्ष

परिसीमन बिल की चर्चा के बीच अब जैरीमेंडरिंग शब्द अचानक से चर्चा में आ गया है। इस शब्द की चर्चा ने विपक्षी खेमे में हलचल मचाकर रख दी है। विपक्ष अब हर हालत में 2029 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर परिसीमन बिल को पास होने से रोकना चाह रहा है। विपक्ष ने सरकार पर धोखेबाजी का आरोप लगाया है।

Nov 28, 2026 - 19:35
 0
अब जैरीमेंडरिंग शब्द की चर्चा तेज, विपक्षी दलों में फैला डर, परिसीमन बिल को हर हाल में रोकना चाहता है विपक्ष

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने परिसीमन बिल को पास कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र के दौरान इस विधेयक का पास होना लगभग तय है। वहीं, इस परिसीमन विधेयक ने विपक्ष की टेंशन बढ़ाकर रख दी है। विपक्ष किसी भी हालत में इस विधेयक को पास होने नहीं देना चाह रहा है। कांग्रेस पार्टी ने आज इसपर रणनीति बनाने के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक भी बुलाई थी और केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

इन सब के बीच एक शब्द 'जैरीमेंडरिंग' काफी चर्चा में आ गया है। राजनीति में 'जैरीमेंडरिंग' शब्द के बड़े मायने हैं। तो चलिए आपलोगों को बताते हैं कि आखिर 'जैरीमेंडरिंग'शब्द का मतलब क्या है और इसने विपक्ष की टेंशन क्यों बढ़ाकर रख दी।

राजनीति में 'जैरीमेंडरिंग' का अर्थ राजनीतिक लाभ के लिए चुनाव क्षेत्रों की भौगोलिक सीमाओं में जानबूझकर हेरफेर करना है। इसका उद्देश्य किसी खास राजनीतिक दल या समूह को चुनाव में अधिक सीटें जिताना और विपक्ष या किसी अन्य वर्ग के प्रभाव को कम करना होता है।

विपक्ष का कहना है कि चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव से 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले चुनावी मुकाबला बीजेपी के पक्ष में जा सकता है। वहीं, इस चिंता को नाम दिया गया 'जेरीमैंडरिंग'।

जैरीमेंडरिंग शब्द की उत्पत्ति 1812 में अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य से हुई थी जो कि तत्कालीन गवर्नर एलब्रिज गेरी के नाम के इतिहास से जुड़ा है।
दरअसल, 1812 में मैसाचुसेट्स के गवर्नर एलब्रिज गेरी ने एक ऐसे कानून पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत राज्य के सीनेट चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को दोबारा तय किया गया था।
इसका मुख्य उद्देश्य उनकी अपनी डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन पार्टी को फायदा पहुंचाना और विपक्षी फेडरलिस्ट पार्टी को हराना था।
इस हस्ताक्षर के बाद भौगोलिक क्षेत्र का फिर से गठन किया गया जिसके कारण एसेक्स काउंटी के एक चुनावी जिले की सीमा का नक्शा बेहद टेढ़ा-मेढ़ा बन गया था।