मतभेद भुलाकर चुनावी मैदान में उतरें कार्यकर्ता, अखिलेश यादव ने बरेली में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को भी कहा
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को बरेली के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनावी तैयारी में जुटने का निर्देश दिया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और पूरी मेहनत से पार्टी के लिए काम करने पर जोर दिया। साथ ही बरेली इकाई के अनुशासन और पीडीए जनचेतना पदयात्रा के सफल आयोजन की सराहना की।
अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ से संभल जाते समय और वहां से लौटते वक्त कुछ देर के लिए बरेली एयरपोर्ट पर रुके। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने बरेली में संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली और पार्टी इकाई के अनुशासन की प्रशंसा की। मुलायम सिंह यादव की जयंती से शुरू हुई पीडीए जनचेतना पदयात्रा के सफल आयोजन पर भी उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
संभल से वापसी के दौरान वरिष्ठ नेताओं से बातचीत में अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर स्पष्ट संदेश दिया कि तैयारियों में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद समाप्त कर एकजुटता, मेहनत और लगन से संगठन को मजबूत बनाने में जुटें।
एयरपोर्ट पर स्वागत और मुलाकात के दौरान विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र कश्यप, प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व महापौर डॉ. आईएस तोमर, पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव और पंडित आरके शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।