राजा महेंद्र प्रताप सिंह की 140वीं जयंती पर आगरा में जुटेगा समाज, युवाओं को शिक्षा से जोड़ने और नशे से दूर रखने का लिया जाएगा संकल्प
आगरा। महान स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक राजा महेंद्र प्रताप सिंह की 140वीं जयंती पर मंगलवार, 1 दिसंबर को आगरा में भव्य स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय जाट महासभा, आगरा और युवा जाट एकता समिति की ओर से होने वाले इस आयोजन में राजा साहब के जीवन, देश की आजादी में उनके योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले युवाओं को सम्मानित करने के साथ नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति जागरूक करने और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर एक बजे से डॉ. महेश चौधरी के आवास, ई-ब्लॉक, अंबे हॉस्पिटल के निकट, फेस-2, ट्रांस यमुना कॉलोनी, आगरा में होगा। आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी देने के लिए आगरा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें महासभा के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से कार्यक्रम में भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत राजा महेंद्र प्रताप सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से होगी। इसके बाद 'राजा महेंद्र प्रताप-आजादी, शिक्षा और समाज' विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। शिक्षा, खेल और समाज सेवा में अच्छा कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ होगा।
अखिल भारतीय जाट महासभा, आगरा के जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह केवल जाट समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने राजपाट का सुख छोड़कर देश की आजादी और गरीबों की शिक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनकी जीवन यात्रा आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य राजा साहब के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रयास है कि एक दिसंबर को हर गांव और हर घर में उन्हें याद किया जाए। युवाओं को शिक्षा को अपनी ताकत बनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कप्तान सिंह चाहर और युवा जाट एकता समिति, आगरा के अध्यक्ष डॉ. महेश चौधरी ने सभी समाजों के लोगों, किसान भाइयों, युवाओं, छात्र-छात्राओं और नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।