बरेली के इंजीनियर हर्षित गुप्ता ने एआई से भारतीय ज्ञान परंपरा तक छह विषयों पर लिखीं पुस्तकें, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिलेगा तकनीकी व व्यावहारिक ज्ञान
-आरके सिंह- बरेली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और प्रोग्रामिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ विद्यार्थियों को व्यावसायिक संचार और भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की पहल करते हुए राजश्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, बरेली के कंप्यूटर अनुप्रयोग विभागाध्यक्ष इंजीनियर हर्षित गुप्ता ने छह पुस्तकें लिखी हैं। इन पुस्तकों में तकनीकी शिक्षा से लेकर शोध-पद्धति, प्रोफेशनल कम्युनिकेशन और भारतीय ज्ञान परंपरा तक के विषय शामिल हैं। इनका उद्देश्य बीटेक, एमटेक, बीसीए, एमसीए, बीबीए और एमबीए के विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों एवं शोधार्थियों को समकालीन विषयों की सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
हर्षित गुप्ता।
हर्षित गुप्ता की पुस्तक Introduction to AI & Prompt Engineering में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बुनियादी अवधारणाओं और प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने की तकनीक को सरल तरीके से समझाया गया है। इसमें एआई टूल्स के जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग पर भी जानकारी दी गई है। उनकी दूसरी पुस्तक Programming Language: C & Python में सी और पाइथन प्रोग्रामिंग भाषाओं की मूल अवधारणाओं, कोडिंग और प्रोग्रामिंग लॉजिक विकसित करने पर जोर दिया गया है।
तीसरी पुस्तक Advanced Research in AI & ML में मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, डेटा विश्लेषण, मॉडल निर्माण एवं मूल्यांकन के साथ न्यूरल नेटवर्क, कंप्यूटर विजन, प्राकृतिक भाषा संसाधन और जनरेटिव एआई जैसे उन्नत विषय शामिल हैं। इसमें शोध की समस्या की पहचान, साहित्य समीक्षा, प्रयोगों की योजना, परिणामों का विश्लेषण तथा एआई में डेटा गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को भी स्थान दिया गया है।
तकनीकी विषयों के अलावा हर्षित गुप्ता ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और व्यावसायिक विकास को ध्यान में रखते हुए Professional Communication & Writing Skills पुस्तक भी लिखी है। इसमें संचार कौशल, तकनीकी एवं व्यावसायिक संवाद और पत्र लेखन जैसे विषय शामिल हैं। यह पुस्तक विद्यार्थियों को साक्षात्कार, उच्च शिक्षा और करियर की तैयारी में उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उन्होंने Indian Knowledge System पुस्तक की भी रचना की है। इसमें भारतीय ज्ञान परंपरा, उसके विचारों और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में उसकी प्रासंगिकता को प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक बीसीए, एमसीए, बीटेक, बीबीए और एमबीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
वर्तमान में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, वित्त और उद्योग सहित अनेक क्षेत्रों में एआई और मशीन लर्निंग का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे दौर में हर्षित गुप्ता की पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की समझ विकसित करने, प्रोग्रामिंग कौशल मजबूत करने और शोध एवं परियोजना कार्यों के लिए उपयोगी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।