ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाला कोच अटेंडेंट ही निकला चोर, पांच साल से कर रहा था हाथ साफ; जीआरपी ने दबोचा

-आरके सिंह- बरेली। ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला कोच अटेंडेंट ही चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बरेली जीआरपी ने पांच साल से कोच अटेंडेंट का काम कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा किया है। आरोप है कि वह यात्रियों के सो जाने पर उनके पर्स और मोबाइल चोरी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में उसने बरेली जंक्शन के आसपास ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की है।

Nov 29, 2026 - 01:12
 0
ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाला कोच अटेंडेंट ही निकला चोर, पांच साल से कर रहा था हाथ साफ; जीआरपी ने दबोचा
जीआरपी की हिरासत में कोच अटेंडेंट जसवीर।

जीआरपी बरेली जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रेलवे आशुतोष शुक्ला के निर्देश पर 28 नवंबर को अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर चार पर शाहजहांपुर की ओर लगे बरेली साइन बोर्ड के पास से जसबीर पुत्र कश्मीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। करीब 35 वर्षीय आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के थाना अजनाला क्षेत्र के सैदोगाजी का निवासी है।

पूछताछ में जसबीर ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से ट्रेन संख्या 14624 सीर गोवर्धन एक्सप्रेस में दैनिक आधार पर कोच अटेंडेंट के रूप में काम कर रहा था। उसकी ड्यूटी सेकंड और थर्ड एसी कोच में रहती थी। इसी दौरान वह यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखता और उनके सो जाने पर पर्स व मोबाइल फोन चोरी कर लेता था। उसने कम आमदनी के कारण चोरी करने और उससे अपने खर्च चलाने की बात भी बताई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 26 अक्टूबर 2026 की रात बरेली जंक्शन के आसपास ट्रेन के बी-2 कोच से एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने की बात स्वीकार की। पर्स में स्मार्ट वॉच, दो मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का कड़ा और तीन हजार रुपये नकद रखे थे। आरोपी ने बताया कि चांदी के आभूषण पंजाब में बेच दिए, जबकि चोरी में मिले कुछ रुपये खर्च कर दिए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लावा और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि जसबीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor