भेड़, बकरी और ऊंटनी के दूध से खुलेगा कमाई का नया रास्ता, आईवीआरआई में डेयरी क्षेत्र के भविष्य पर मंथन
-आरके सिंह- बरेली। ग्रामीण पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित करने के लिए अब भेड़, बकरी और ऊंटनी के दूध के वैज्ञानिक उपयोग तथा व्यावसायिक संभावनाओं पर जोर दिया जा रहा है। इन गैर-गौवंशीय दुग्ध संसाधनों के सुरक्षित उत्पादन, प्रसंस्करण और नए उत्पादों के विकास से छोटे एवं सीमांत पशुपालकों को अतिरिक्त आय का अवसर मिल सकता है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 के अवसर पर भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईवीआरआई), बरेली में आयोजित विशेष व्याख्यान में विशेषज्ञों ने इन संभावनाओं के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पोषण सुरक्षा और पशुधन विविधीकरण पर विस्तार से मंथन किया।
संस्थान के पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ), भारत कार्यालय के एनिमल हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. मोहम्मद हसीब ने 'गैर-गौवंशीय दुग्ध के संवर्धन हेतु एफएओ की पहल' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि भेड़, बकरी और ऊंटनी का दूध केवल पोषण का विकल्प नहीं, बल्कि पशुपालकों की आजीविका और ग्रामीण विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण संसाधन है।
डॉ. हसीब ने बताया कि एफएओ की क्लीन मिल्क एवं नॉन-बोवाइन मिल्क पहल के तहत सुरक्षित और टिकाऊ दुग्ध उत्पादन के साथ समावेशी पशुधन मूल्य श्रृंखला विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पशुओं के स्वास्थ्य, स्वच्छ दूध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रभावी आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। वैज्ञानिक प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से इन दुग्ध संसाधनों के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. देवेंद्र कुमार ने कहा कि दूध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण और पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पारंपरिक दुग्ध उत्पादन के साथ भेड़, बकरी और ऊंटनी के दूध पर भी अनुसंधान बढ़ाना जरूरी है।
विभागाध्यक्ष डॉ. ए.आर. सेन ने डेयरी क्षेत्र में अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और गुणवत्तापूर्ण दुग्ध प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गैर-गौवंशीय दूध का वैज्ञानिक उपयोग और मूल्य संवर्धन भविष्य के महत्वपूर्ण अनुसंधान क्षेत्र हैं।
पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. बी.डी. शर्मा ने दुग्ध उत्पादों के लिए नई प्रसंस्करण तकनीकों के विकास तथा युवा शोधार्थियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। डॉ. दिनेशकुमार वी. ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।