बल्केश्वर पार्क में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आगाज, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया उद्घाटन; स्वदेशी उत्पादों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

आगरा। स्वदेशी उत्पादों और खादी उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बल्केश्वर पार्क में 10 दिवसीय मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-2026 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर खादी उद्यमियों द्वारा स्वयं निर्मित उत्पादों की सराहना की और आमजन से खादी उत्पादों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

Nov 29, 2026 - 01:08
 0
बल्केश्वर पार्क में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आगाज, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया उद्घाटन; स्वदेशी उत्पादों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
बल्केश्वर पार्क में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

28 नवंबर से शुरू हुई इस प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए हैं। उद्घाटन के बाद केंद्रीय मंत्री ने स्टालों पर उपलब्ध उत्पादों की जानकारी ली और उद्यमियों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खादी उत्पादों का उपयोग बढ़ने से स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। आमजन को भी स्वदेशी उत्पादों को अपनी दिनचर्या में स्थान देना चाहिए।

कार्यक्रम में पार्षद मुरारीलाल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के आयोजक अनिल कुमार, जिला/परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, आगरा मंडल, श्रीमती नीतू यादव, जिला/परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर मंडल, श्रीमती अनीता गुप्ता, लेखा परीक्षक, मुख्यालय लखनऊ तथा जिला ग्रामोद्योग कार्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

SP_Singh AURGURU Editor