मौत के बाद भी दो आंखों से रोशन होंगी दो जिंदगियां, 75 वर्षीय राधेश्याम के नेत्रदान से पेश हुई मानवता की मिसाल

आगरा। इंसान दुनिया से विदा होकर भी किसी की जिंदगी में उजाला भर सकता है। लोहामंडी के कटिहार निवासी 75 वर्षीय राधेश्याम जी ने निधन के बाद दो दृष्टिहीन लोगों को रोशनी की उम्मीद दी है। शनिवार सुबह उनके निधन के बाद परिजनों ने दुख की घड़ी में भी नेत्रदान का निर्णय लेकर हेल्प आगरा के माध्यम से उनकी आंखें दान कराईं। एसएन मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय टीम ने घर पहुंचकर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की। दिवंगत राधेश्याम का यह नेत्रदान दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में उजाले का माध्यम बनेगा।

Nov 29, 2026 - 00:56
 0
मौत के बाद भी दो आंखों से रोशन होंगी दो जिंदगियां, 75 वर्षीय राधेश्याम के नेत्रदान से पेश हुई मानवता की मिसाल
फाइल फोटो- स्व. राधेश्याम।

राधेश्याम के निधन की सूचना मिलने पर परिजनों ने हेल्प आगरा के नेत्रदान एवं देहदान प्रभारी प्रतीक जैन से संपर्क किया। इसके बाद हेल्प आगरा के सहयोग से एसएन मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा और चिकित्सकीय टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई।

हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ, नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन और मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने परिजनों के इस निर्णय की सराहना करते हुए आमजन से भी नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि नेत्रदान के लिए अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होती। सूचना मिलने पर चिकित्सकों की टीम स्वयं नेत्रदानी के घर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करती है।

मीडिया प्रभारी नंद किशोर गोयल के अनुसार, नेत्रदान के इच्छुक व्यक्ति 9319111000 पर संपर्क कर सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor