आगरा में दलित दूल्हे की बारात पर हमले में पुलिस का एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार
आगरा के जगनेर क्षेत्र के नगला वीरभान गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का गाना बजाने पर दलित परिवार की बारात रोकने और दूल्हे से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने बाबा साहब की तस्वीर पैरों से कुचलने और जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया है। बसपा नेताओं के धरने के बाद पुलिस ने आठ नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जगनेर के नगला वीरभान में बारात रोकने और दूल्हे को घोड़ी से गिराकर पीटने का आरोप, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आगरा। जगनेर के नगला वीरभान गांव में दलित परिवार की बारात रोककर दूल्हे और बारातियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आठ नामजद और 25 अज्ञात समेत कुल 33 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
घटना 26 नवंबर की है। आगरा के प्रतापपुरा से सुरेंद्र के घर बारात नगला वीरभान गांव पहुंची थी। शाम करीब नौ बजे बारात की चढ़त हो रही थी। इसी दौरान डीजे पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से संबंधित गाना बजने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने बारात रुकवा दी और डीजे बंद करने का दबाव बनाया।
डीजे पर आंबेडकर का गाना बजने से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, गांव के कान्हा पुत्र प्रेमवीर, शिवम पुत्र योगेंद्र, भीकम, सचिन, पंकज पुत्र बबलू, सुमित पुत्र सुखराम, सत्यम समेत 20-25 लोग बारात के पास पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने बारातियों से कहा कि यह गांव ठाकुरों का है और यहां आंबेडकरवादी गाने नहीं बजेंगे। बारातियों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने घोड़ी पर बैठे दूल्हे पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान दूल्हा घोड़ी से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बारातियों पर हमला कर दिया।
बाबा साहब की तस्वीर छीनकर पैरों से कुचलने का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बारात में मौजूद बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर छीनकर पैरों से कुचल दी। विरोध करने वाले बारातियों को जातिसूचक गालियां दी गईं और उनके साथ मारपीट की गई। हमले में कई लोग घायल हुए। सुरेश पुत्र महादेव सिंह और किनू पुत्र सुरेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आने की बात कही गई है। आरोपियों ने मारपीट के बाद पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के कारण शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। बारात की चढ़त पूरी नहीं हो सकी और कई घंटे तक विवाह समारोह प्रभावित रहा।
सुबह कराए गए फेरे, इसके बाद थाने पहुंचा परिवार
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के कारण शादी की रस्में भी प्रभावित हुईं। काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में सुबह विवाह के फेरे कराए गए और बेटी को विदा किया गया। बारात की विदाई के बाद परिवार ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
बसपा नेताओं के धरने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
शुक्रवार को मामले में बसपा के नेता भी पीड़ित परिवार के समर्थन में थाने पहुंच गए। नेताओं का आरोप था कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने में देरी कर रही है। इसके विरोध में उन्होंने थाने में धरना दिया। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आठ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
तीन गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस
एडिशनल पुलिस कमिश्नर सचिंद्र पटेल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर है। वहीं, पीड़ित परिवार ने घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।