डीएमके सांसदों ने की गृह मंत्री से मुलाकात, रविशंकर प्रसाद बोले- राहुल लोकतंत्र पर उपदेश न दें, राहुल गांधी ने कहा- परिसीमन से लोकतंत्र कमजोर होगा
परिसीमन बिल पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। डीएमके की तरफ से इस बिल का समर्थन किए जाने के बाद इसके सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। इसे काफी अहम माना जा रहा है।
नई दिल्ली। मानसून सत्र के दूसरे चरण की घोषणा ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। इस दौरान सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए परिसीमन बिल पास कराने की कोशिश करेगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "राहुल गांधी, भारत के लोकतंत्र को बदनाम करना बंद करें। भारतीय लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत हैं। ये सिर्फ संविधान में ही नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता और संस्कृति में भी बसी हैं, जहाँ विपक्ष के विचारों का सम्मान किया जाता है। आपका डीएनए 'आपातकाल' से जुड़ा है, जब विपक्षी नेताओं की आवाज़ दबा दी गई थी और पत्रकारों तथा संपादकों को जेल में डाल दिया गया था। राहुल गांधी, हमें लोकतंत्र पर उपदेश न दें। आपकी पार्टी का पूरा इतिहास ही अलोकतांत्रिक रहा है, जिसमें अलग विचारों को दबाया गया है। हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री ने यह पहल की है। मैं राहुल गांधी और उनकी पार्टी से अपील करता हूँ कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण के इस ऐतिहासिक अवसर का समर्थन करें। अगर राहुल गांधी भारतीय राजनीति में बिल्कुल अलग रास्ता अपनाना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसा करने दें। वे हमेशा हारते ही रहेंगे।"
132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी एक ऐतिहासिक फैसला है। यह फैसला भारतीय लोकतंत्र को और अधिक समावेशी बनाने, जन-प्रतिनिधित्व का विस्तार करने और शासन को लोगों के और करीब लाने में अहम भूमिका निभाएगा। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान, विधायी संस्थाओं में उनकी भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।"
सोमवार की लोकसभा की कार्य सूची सामने आई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल परिसीमन और संविधान संशोधन से जुड़े हुए बिल पेश करेंगे।
इस बीच डीएमके के कुछ सांसदों ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसमें कनिमोझी, दयानिधि मारन और टी आर बालू समेत कुछ सांसद मौजूद रहे।
उधर तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को अपने सभी लोकसभा सदस्यों को व्हिप जारी कर संसद की विशेष बैठक के दौरान सदन में उपस्थित रहने को कहा है। इस बैठक में सरकार परिसीमन विधेयक पेश करने जा रही है। तीन-पंक्ति के इस व्हिप में, लोकसभा में तृणमूल संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के सभी सांसदों से 30 नवंबर से चार दिसंबर तक ‘हर हाल में’ सदन में उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का अनुरोध किया है। व्हिप में कहा गया,‘‘इसे अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाए।’
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि जाति जनगणना को एक तरफ रख दिया गया है। 2027 की जनगणना का कोई मतलब नहीं है क्योंकि इससे कुछ बहुत ही असहज करने वाले तथ्य सामने आने वाले हैं। इससे पता चलेगा कि ओबीसी और दलित आबादी में बढ़ोतरी हुई है। ये ऐसे असहज तथ्य हैं जो बीजेपी को पसंद नहीं हैं। इसलिए, वे 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने जा रहे हैं और सीटों की संख्या को फ्रीज (स्थिर) कर दिया जाएगा। 2051 तक सब कुछ फ्रीज रहेगा।" इससे लोकतंत्र कमजोर होगा।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "850 की संख्या इसलिए तय की गई है ताकि बीजेपी को भारत के चुनावी क्षेत्रों का नक्शा अपनी मर्जी से फिर से बनाने की पूरी छूट मिल सके। 546 सीटों के मुकाबले 850 सीटों के जरिए वे कहीं ज्यादा बड़ी समस्याएं खड़ी कर सकते हैं। इससे बीजेपी को एक भी वोट पड़ने से पहले ही बहुत बड़ा फायदा मिल जाएगा। जम्मू-कश्मीर और असम में, कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं को एक चुनावी क्षेत्र से दूसरे में शिफ्ट किया गया है और चुनावी क्षेत्रों का नक्शा इस तरह बदला गया है जिससे बीजेपी को फायदा हो। कुछ चुनावी क्षेत्रों को तो भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से अलग-थलग भी कर दिया गया है। भारत के नक्शे के साथ भी यही होने वाला है, जिससे नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अडानी और उनके साथी ज्ञानेश कुमार को देश का शोषण जारी रखने और इसका भविष्य बर्बाद करने का मौका मिल जाएगा।"
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू ने लिखा, "माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में, परिसीमन के साथ-साथ महिलाओं के लिए आरक्षण, भारत की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। आंध्र प्रदेश ने इस मामले में पहल की थी और 1986 में ही स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू कर दिया था। हमारे हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में, लगभग 60% सीटें महिलाओं को मिलीं। सीटों में 50% की वृद्धि से हर राज्य का हिस्सा सुरक्षित रहता है। आंध्र प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 25 से बढ़कर 38 हो जाएगी और दक्षिण भारत का हिस्सा भी बरकरार रहेगा।
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने परिसीमन विधेयक के बारे में कहा, "यह विधेयक पहले ही एक बार खारिज हो चुका है। यह कानून 2023 में लागू हुआ था। इसमें प्रावधान था कि नई जनगणना के बाद परिसीमन किया जाएगा। उन्होंने खुद ही यह कानून बनाया था, लेकिन दो साल तक इसे लागू नहीं किया। अब, चुनावों को ध्यान में रखते हुए। वे इसमें छेड़छाड़ करना चाहते हैं। वे पहले ही एक बार हार चुके हैं और नाराज हैं। इसलिए वे लोगों को बांटना और फिर से एकजुट करना चाहते हैं।"
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने पोस्ट किया, "परिसीमन (डिलिमिटेशन) पर हमारा रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है। दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। तेलंगाना के साथ कोई भी अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने लगातार मांग की है कि संसद में दक्षिण की मौजूदा 24% हिस्सेदारी सुरक्षित रहे। सीटों में प्रस्तावित 50% की बढ़ोतरी, जिसमें 2051 तक राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात को न बदलने की सुरक्षा भी शामिल है। हमारी इस मुख्य चिंता का समाधान करती है। साथ ही, इससे तेलंगाना की लोकसभा सीटों की संख्या 17 से बढ़कर 26 हो जाएगी। तेलंगाना के हितों को सर्वोपरि रखते हुए, हमारे तीनों राज्यसभा सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट करेंगे। हमने हमेशा महिला आरक्षण का समर्थन किया है और हम इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्य के सभी 80 लोकसभा सांसदों से प्रस्तावित परिसीमन कानून का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे 2029 के चुनावों से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।