करोड़ों की लागत से दौड़ रही आगरा मेट्रो, मगर सवाल बरकरार- मजदूर, छात्र और पर्यटक आखिर क्यों और कैसे करेंगे सफर, कहीं खाली डिब्बों वाली महंगी परियोजना न बन जाए!
आगरा मेट्रो की चमक-दमक के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इसका लाभ किसे मिलेगा? शहर की परिवहन योजना में पर्यटकों, मजदूरों, छात्रों और छोटे कारोबारियों की वास्तविक जरूरतों को पर्याप्त जगह नहीं मिली है। मेट्रो के कई प्रमुख बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों और आवासीय इलाकों तक न पहुंचने से आखिरी मील की समस्या बनी रहेगी। महंगे किराये और ऑटो-रिक्शा पर अतिरिक्त निर्भरता के कारण कम आमदनी वाले लोग इससे दूरी बना सकते हैं। सस्ती फीडर बसों, बेहतर संपर्क मार्गों और नियमित सेवा के बिना मेट्रो के खाली दौड़ने का खतरा है। इसकी सफलता चमचमाते स्टेशनों या राजनीतिक उद्घाटन से नहीं, बल्कि यात्रियों की संख्या, सुलभ किराये और शहर को मिलने वाली वास्तविक राहत से तय होगी।
-बृज खंडेलवाल-
जरा एक तस्वीर देखिए। जूता कारखाने का मजदूर दस किलोमीटर साइकिल चलाकर काम पर जा रहा है। बाजार का सेल्समैन दस रुपये वाले साझा, शेयर ऑटो में धक्के खा रहा है। छात्र अपनी स्कूटी पर हवा से बातें कर रहा है। पर्यटक होटल की टैक्सी में ताजमहल देखने निकल पड़ा है। उधर हजारों करोड़ों रुपयों की लागत से बनी मेट्रो की चमचमाती ट्रेन पटरियों पर दौड़ रही है। लेकिन सवाल है, उसमें बैठेगा कौन?
आगरा की मेट्रो को विकास की नई पहचान बताया जा रहा है। नेता इसे आधुनिक शहर का तोहफा बता रहे हैं। लेकिन क्या सिर्फ चमचमाती ट्रेन से शहर आधुनिक बन जाता है? क्या इस महंगी परियोजना के लिए पर्याप्त यात्री मिलेंगे? क्या इसका खर्च और फायदा आपस में मेल खाते हैं? कहीं यह सफेद हाथी (बेहद महंगी और कम उपयोगी परियोजना) बनकर तो नहीं रह जाएगी?
आगरा में मेट्रो का सपना जरूर बड़ा है, लेकिन इसकी योजना में कई बुनियादी सवाल छूट गए हैं।
सबसे पहले पर्यटकों की बात करें। मेट्रो को पर्यटन के लिए बड़ी सौगात बताया जा रहा है। लेकिन पर्यटक आते कैसे हैं? ज्यादातर अपनी गाड़ियों, होटल की टैक्सियों या दिल्ली की ट्रैवल एजेंसियों की बसों से यमुना एक्सप्रेसवे होकर आते हैं। वे परिवार या समूह में घूमते हैं। उनके साथ गाइड और टूर ऑपरेटर भी होते हैं।
उन्हें ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एत्माद्दौला और दूसरे स्मारक देखने होते हैं। लेकिन मेट्रो इन सभी जगहों तक पहुंचती ही नहीं। फतेहपुर सीकरी, दयालबाग, रामबाग और एत्माद्दौला जाने के लिए पर्यटक आखिर कौन सी मेट्रो पकड़ेंगे? फिर वे अपनी टैक्सी छोड़कर मेट्रो में क्यों बैठेंगे?
पर्यटन के नाम पर प्रचार करना आसान है। लेकिन पर्यटकों की असली जरूरत समझना भी जरूरी है।
अब उन लोगों की बात करें, जिनके लिए रोज का सफर जिंदगी का बड़ा हिस्सा है। आगरा की अर्थव्यवस्था सिर्फ ताजमहल और होटलों से नहीं चलती। यहां जूता कारखाने हैं, छोटी फैक्ट्रियां हैं, गोदाम हैं और हजारों दुकानें हैं। लाखों लोगों की रोजी-रोटी इन्हीं से जुड़ी है।
जूता बनाने वाले कारीगर, पैकिंग मजदूर, हेल्पर और दुकानों के कर्मचारी कम आमदनी में गुजारा करते हैं। कोई गांव से साइकिल पर आता है, कोई साझा ऑटो पकड़ता है और कोई ई-रिक्शे से काम पर पहुंचता है।
इनके लिए मेट्रो का किराया छोटी रकम नहीं है। किराया बीस से तीस रुपये तक पहुंचता है। सुनने में रकम छोटी लगती है। लेकिन रोज आने-जाने वाले मजदूर के लिए महीने का खर्च काफी बढ़ सकता है।
मान लीजिए, कोई मजदूर पहले साझा ऑटो से दस रुपये में काम पर पहुंच जाता था। अब मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए उसे अलग ऑटो लेना पड़ेगा। फिर मेट्रो का किराया देना होगा। मंजिल पर उतरकर एक और सवारी पकड़नी पड़ सकती है। ऐसे में समय भी बढ़ेगा और जेब भी ढीली होगी।
सवाल सीधा है। गरीब आदमी महंगी मेट्रो क्यों चुनेगा, जब सस्ता साझा ऑटो उसे घर से काम तक पहुंचा देता है?
छात्रों के लिए भी मेट्रो का रास्ता आसान नहीं है। आगरा विश्वविद्यालय, पालीवाल पार्क, दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट और वजीरपुरा रोड के कई स्कूलों तक इसकी सीधी पहुंच नहीं है। छात्र पहले से स्कूटी, साइकिल और साझा वाहनों पर निर्भर हैं। उनके लिए मेट्रो कितनी सुविधाजनक होगी?
आगरा में बड़े-बड़े दफ्तरों और कंपनियों का वैसा जाल भी नहीं है, जैसा दिल्ली, नोएडा या बेंगलुरु में है। यहां रोज हजारों कर्मचारियों का एक ही दिशा में आना-जाना नहीं होता। रोजगार का बड़ा हिस्सा छोटे उद्योगों और असंगठित क्षेत्र में फैला है।
क्या मेट्रो की योजना बनाते समय इन बातों का अध्ययन किया गया था? क्या मजदूरों के घर और कारखानों के बीच की दूरी नापी गई? क्या पुराने बाजारों के कर्मचारियों से पूछा गया कि वे रोज कैसे आते-जाते हैं? क्या उनकी आमदनी और सफर के खर्च का हिसाब लगाया गया?
मेट्रो की पटरियां बिछाना आसान है। लेकिन यात्रियों की जरूरतों से उनका रिश्ता जोड़ना असली चुनौती है।
नवंबर 2026 तक आगरा में लगभग छह किलोमीटर का प्राथमिक खंड, ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर तक, चालू है। सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक कॉरिडोर एक और आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक कॉरिडोर दो का काम चल रहा है। पहले चरण के करीब 29 किलोमीटर नेटवर्क को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है।
इससे कुछ यात्रियों को राहत जरूर मिलेगी। रेलवे स्टेशन, पर्यटन स्थलों और कुछ प्रमुख इलाकों के बीच सफर आसान हो सकता है। लेकिन पूरा शहर इससे नहीं जुड़ पाएगा। बेलनगंज, घटिया, यमुना किनारा रोड, (वाटर वर्क्स से बिजलीघर) जयपुर हाउस और दयालबाग के बड़े हिस्से, शमशाबाद रोड की तमाम कालोनियां, शास्त्रीपुरम एरिया, अभी भी सड़क यातायात पर निर्भर रहेंगे।
यहीं सबसे बड़ी खामी सामने आती है। इसे आखिरी मील की समस्या कहते हैं। यानी घर से मेट्रो स्टेशन तक और स्टेशन से मंजिल तक पहुंचने की परेशानी।
अगर स्टेशन तक जाने के लिए ऑटो लेना पड़े और उतरने के बाद फिर दूसरी सवारी पकड़नी पड़े, तो मेट्रो का आकर्षण घटेगा। इसके लिए सस्ती फीडर बसें, व्यवस्थित ऑटो, ई-रिक्शे, सुरक्षित पैदल रास्ते और साइकिल की सुविधा जरूरी है। इनके बिना मेट्रो के डिब्बे खाली दौड़ने का खतरा बना रहेगा।
निर्माण के दौरान शहर ने कम परेशानी नहीं झेली है। सड़कें खोदी गईं, रास्ते बंद हुए, बैरिकेडिंग लगी और बाजारों का कारोबार प्रभावित हुआ। दुकानदारों और आम लोगों ने वर्षों तक मुश्किलें उठाईं। अब उन्हें उम्मीद है कि मेट्रो से जिंदगी आसान होगी। लेकिन अगर स्टेशन तक पहुंचना ही मुसीबत बना रहा, तो इस उम्मीद का क्या होगा?
एक और गलतफहमी दूर करनी होगी। मेट्रो आने से शहर का ट्रैफिक जाम अपने आप खत्म नहीं होगा। ट्रेन जमीन के ऊपर या नीचे दौड़ेगी, लेकिन सड़क पर वही पुरानी अराजकता रहेगी।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मेट्रो का उद्घाटन बड़ा राजनीतिक तमाशा बन सकता है। नेता फीता काटेंगे, भाषण होंगे और विकास के दावे किए जाएंगे। लेकिन आम आदमी को भाषण नहीं, राहत चाहिए।
क्या विद्यार्थी समय पर कॉलेज पहुंच पाएगा? क्या एंबुलेंस जाम में नहीं फंसेगी? क्या मजदूर का सफर सस्ता होगा? क्या पर्यटक ताजमहल देखकर बिना जाम में फंसे लौट सकेगा?
मेट्रो की सफलता का पैमाना चमचमाते स्टेशन, महंगे डिब्बे और बड़े बजट नहीं हैं। असली कसौटी है यात्रियों की संख्या, किराये की सस्ती दर, नियमित सेवा और परियोजना का आर्थिक हिसाब-किताब। ट्रेन चलाने और उसे भरकर चलाने में बहुत फर्क है।
आगरा को आधुनिक परिवहन जरूर चाहिए। लेकिन विकास का मतलब केवल ऊंची पटरियां और चमकते स्टेशन नहीं है। योजना ऐसी होनी चाहिए, जिसमें पर्यटक के साथ मजदूर, छात्र, दुकानदार और आम नागरिक भी शामिल हों।
आखिर सवाल मेट्रो बनाने का नहीं है। सवाल है कि यह मेट्रो किसके लिए बनाई गई है? क्या शहर की जरूरतों को समझकर योजना बनी या सिर्फ आधुनिकता का तमगा लगाने की जल्दी थी?
कहीं ऐसा न हो कि मेट्रो अपनी महंगी पटरियों पर दौड़ती रहे और मजदूर अपनी पुरानी साइकिल पर जिंदगी ढोता रहे।