ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक, दो बैरियर तोड़ तेज रफ्तार कार पहुंची पूर्वी गेट तक, पीछे दौड़ते रहे सुरक्षाकर्मी

आगरा में शनिवार शाम ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। वीआईपी रोड से तेज रफ्तार आगरा नंबर की कार दो बैरियर पार कर पूर्वी गेट तक पहुंच गई। घटना शाम करीब 6:45 बजे की है, जब ताजमहल बंद हो चुका था। कार के पीछे दौड़ते सुरक्षाकर्मियों का 13 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने कार सवार फतेहाबाद निवासी अमित उपाध्याय और धौलपुर निवासी अंकित कुशवाहा को गिरफ्तार कर मेडिकल कराया। दोनों का चालान करने के साथ कार सीज कर दी गई।

Nov 28, 2026 - 21:50
 0
ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक, दो बैरियर तोड़ तेज रफ्तार कार पहुंची पूर्वी गेट तक, पीछे दौड़ते रहे सुरक्षाकर्मी
वीआईपी रोड से ताजमहल की ओर घुसी कार।

वीआईपी रोड से ताजमहल की ओर घुसी आगरा नंबर की कार, 13 सेकेंड का वीडियो वायरल, पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर कार की सीज

आगरा। विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में शनिवार शाम बड़ी चूक सामने आई। सुरक्षा के लिए लगाए गए दो बैरियर पार कर एक तेज रफ्तार कार सीधे ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गई। कार के अचानक अंदर घुसने से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों में खलबली मच गई। हैरानी की बात यह रही कि होटल अमर विलास और ताज खेमा के पास लगे बैरियर पर तैनात सुरक्षाकर्मी कार को रोकने के बजाय तमाशबीन बने रहे। इस दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी कार के पीछे दौड़ते नजर आए।

घटना शनिवार शाम करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है। उस समय ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद हो चुका था। जानकारी के अनुसार, वीआईपी रोड की तरफ से आगरा नंबर की एक कार तेज रफ्तार में ताजमहल की ओर बढ़ी। कार चालक ने रास्ते में लगे दो बैरियर पार कर लिए और सीधे पूर्वी गेट के पास तक पहुंच गया। अचानक कार के इस तरह आगे बढ़ने से वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में अफरातफरी मच गई।

घटना का 13 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ती दिखाई दे रही है, जबकि कुछ सुरक्षाकर्मी उसके पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने ताजमहल जैसे विश्वस्तरीय स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था और बैरियरों पर तैनात कर्मचारियों की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि कार पूर्वी गेट के पास जाकर रुकी। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान फतेहाबाद निवासी अमित उपाध्याय और राजस्थान के धौलपुर निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है।

पुलिस दोनों युवकों को थाना ताजगंज ले गई। उनका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद चालान किया गया। साथ ही कार को सीज कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर दो बैरियर पार करते हुए कार ताजमहल के पूर्वी गेट तक कैसे पहुंच गई और रास्ते में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे समय रहते क्यों नहीं रोका? ताजमहल की सुरक्षा की जिम्मेदारी कई स्तरों पर तय है। ऐसे में प्रतिबंधित क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का दो बैरियर पार कर स्मारक के गेट तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक माना जा रहा है।