आगरा के एकलव्य स्टेडियम में फ्लड लाइट्स में होगा हॉकी का महासंग्राम, ‘मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग’ की जर्सियों का विमोचन

आगरा। ताजनगरी में हॉकी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी तेज हो गई है। 25 मई से 29 मई 2026 तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, सदर बाजार में आयोजित होने जा रही आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग को लेकर उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में रविवार को लीग में भाग ले रही सभी छह टीमों की जर्सियों का भव्य विमोचन किया गया, जहां खिलाड़ियों और टीम ओनर्स में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।

May 24, 2026 - 20:55
 0
आगरा के एकलव्य स्टेडियम में फ्लड लाइट्स में होगा हॉकी का महासंग्राम, ‘मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग’ की जर्सियों का विमोचन
मास्टर हॊकी फ्यूजन प्रीमियर लीग की जर्सियों का रविवार को विमोचन करते आयोजक।

जर्सी लॉन्च में दिखा खेल जुनून, टीमों ने किया नई पहचान का प्रदर्शन

एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जर्सी विमोचन समारोह में सभी छह टीमों के कप्तान और टीम मालिक अपनी-अपनी नई किट के साथ मौजूद रहे। खिलाड़ियों में अपनी नई टीम पहचान को लेकर भारी उत्साह और गर्व देखा गया।

इस अवसर पर आयोजन अध्यक्ष अमिताभ गौतम, आयोजन सचिव राजीव सोई, धर्मेंद्र बघेल, केपी सिंह यादव, अजय सिंह राजपूत, धीरज मदन, गौरव शर्मा, धर्मेश राजपूत, डॉ. जयशंकर यादव, गोपाल भगत, देवेंद्र गुप्ता, दिव्यांश सक्सेना, मोहित, एम.डी. अहमद, दिलीप शर्मा सहित कई खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अनुशासन और खेल भावना पर जोर, लीग को बताया ऐतिहासिक आयोजन

आयोजन सचिव राजीव सोई ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस लीग की असली सफलता केवल जीत-हार में नहीं, बल्कि अनुशासन और खेल भावना में निहित है। उन्होंने सभी टीमों से कहा कि वे खेल को यादगार बनाने के लिए एक मिसाल पेश करें।

उन्होंने बताया कि यह आगरा का पहला हॉकी टूर्नामेंट होगा जो पूरी तरह फ्लड लाइट्स में खेला जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा। हर गोल पर “बॉन फायर” से जश्न मनाने की भी तैयारी है।

छह फ्रेंचाइजी टीमों का रोमांचक संग्राम तय

लीग में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। ये हैं- शारदा शार्क – शकील खान, प्रेम मोटर्स (उत्कर्ष अग्रवाल), योद्धा फ्लिकर्स (मनोज शर्मा), रॉयल एनफील्ड (मनोज जादौन), जर्मन होम्यो मेडी (डॉ. नकुल गौतम), बंसल ऐश टैग (सजल बंसल) ।

टीमों की स्क्वाड में अजय सिंह राजपूत, गौरव शर्मा, धर्मेंद्र बघेल, हेमंत शर्मा, दिलीप शर्मा, रघु लोधी (गोलकीपर), उपेंद्र कुशवाह (गोलकीपर), शाहिद अंसारी सहित कई अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रतिदिन दो मुकाबले, फ्लड लाइट्स में रोमांच का महासंग्राम

25 मई से शुरू होने वाली इस लीग में प्रतिदिन शाम 7 बजे और रात 8 बजे दो मुकाबले खेले जाएंगे। फ्लड लाइट्स के नीचे होने वाले मैचों से दर्शकों को रोमांचक अनुभव मिलेगा और आगरा में हॉकी का नया इतिहास लिखा जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार, यह लीग न केवल खिलाड़ियों के लिए अवसर है, बल्कि आगरा के खेल प्रेमियों के लिए भी एक बड़ा उत्सव साबित होगी।

SP_Singh AURGURU Editor