बरेली के सदर बाजार में मौलाना तौकीर रजा के गुर्गों ने लगाए ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, विरोध करने पर युवक से मारपीट, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आईएमसी से जुड़े आरोपियों पर शिकंजा
बरेली के कैंट क्षेत्र स्थित सदर बाजार में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर देशविरोधी नारे लगाए। विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट और धमकी की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
-आरके सिंह-
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में रविवार दोपहर करीब 12:20 बजे उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब चार मोटरसाइकिलों पर सवार एक दर्जन से अधिक युवक गली से गुजरते हुए कथित रूप से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए निकले। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने शटर आधे बंद कर दिए।
घटना के दौरान मौजूद विकास नामक युवक, जो साई कंप्यूटर के पास खड़ा था, ने जब आरोपियों को इस तरह के नारे लगाने से रोका, तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। विकास ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
थाना कैंट के इंस्पेक्टर संजय धीर के अनुसार, शिकायत के आधार पर इमरान (निवासी सदर बाजार, कृष्णा डेयरी के सामने) और कासिफ (निवासी सदर कैंट) को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(बी), 191(2), 352 और 351(3) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब तक करीब 14 लोगों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस ने रविवार रात ही कई स्थानों पर दबिश दी और छह आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कासिफ पूर्व पार्षद तहसीन का बेटा बताया जा रहा है और वह मौलाना तौकीर रजा की पार्टी इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) से जुड़ा हुआ है। वह कैंट थाने की पीस कमेटी का सदस्य भी बताया गया है। हालांकि, पुलिस जब उसके घर दबिश देने पहुंची तो वह फरार मिला।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस अलर्ट है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इंस्पेक्टर संजय धीर ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।