विधायक का भतीजा बरेली के मेडिकल कालेज से लापता
--आरके सिंह--- बरेली (उत्तर प्रदेश )। बरेली के मीरगंज क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा का भतीजा अंकित वर्मा श्री राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज से लापता हो गया है। भोजीपुरा थाना पुलिस ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की है।
एम. फार्मा अंतिम वर्ष का छात्र अंकित वर्मा गुरुवार शाम हॉस्टल से मंदिर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वह अपना मोबाइल फोन और लैपटॉप कमरे में ही छोड़ गया, जिसके बाद परिजनों और कॉलेज प्रशासन की चिंता बढ़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजीपुरा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्र की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित स्थानों पर लगातार जांच कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय अंकित वर्मा 7 मई की शाम करीब सात बजे हॉस्टल से बाहर निकले थे। कॉलेज सूत्रों के मुताबिक, हॉस्टल गेट पर उन्होंने मंदिर जाने की बात कही और अपना आई कार्ड जमा कर बाहर चले गए। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो सहपाठियों और वार्डन ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों के मुताबिक, अंकित अपना मोबाइल फोन और लैपटॉप कमरे में ही छोड़ गए थे। इससे उनसे संपर्क करने का कोई माध्यम नहीं बचा। विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने बताया कि अंकित बिना किसी को जानकारी दिए अचानक लापता हो गए, जिससे परिवार बेहद परेशान है।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने बताया की अंकित शाम को हॉस्टल से निकला, फिर नहीं लौटा। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक ने पुलिस से जल्द से जल्द अंकित को खोजने की मांग की है।
पुलिस ने कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। शुरुआती जांच में अंकित हॉस्टल से निकलकर नैनीताल रोड की ओर जाते हुए दिखाई दिए हैं। हालांकि, उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस कॉलेज के सहपाठियों, हॉस्टल वार्डन और अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि अंकित किसी मानसिक तनाव में तो नहीं थे या हाल के दिनों में उनकी किसी से बातचीत या विवाद हुआ था। फिलहाल पूरा परिवार छात्र के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है।