आईपीएल फाइनल के दिन अहमदाबाद आ सकते हैं मोहसिन नकवी,  प्रधानमंत्री शहबाज से मांगी परमिशन

इंडियन प्रीमियर लीग का फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस दिन होने वाली आईसीसी मीटिंग के लिए मोहसिन नकवी अहमदाबाद आ सकते हैं।

May 16, 2026 - 22:06
 0
आईपीएल फाइनल के दिन अहमदाबाद आ सकते हैं मोहसिन नकवी,  प्रधानमंत्री शहबाज से मांगी परमिशन

नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी आईपीएल 2026 फाइनल वाले दिन अहमदाबाद में हो सकते हैं। दरअसल अहमदाबाद में आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट कॉउंसिल) की मीटिंग होनी है। इसमें शामिल होने के लिए नकवी भारत का दौरा कर सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने उनके भारत आने का फैसला पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर छोड़ दिया है।

डब्ल्यूटीए के भविष्य पर चर्चा के लिए आईसीसी कई बैठकें करने वाली है। रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी की मुख्य कार्यकारी समिति एक वर्चुअल मीटिंग करेगी, जो 21 मई को होगी। इसके बाद 30-31 मई को अहमदाबाद में आईसीसी बोर्ड की मीटिंग होगी, जिसमें सभी मौजूद रहेंगे। आईपीएल 2026 का फाइनल मैच भी अहमदाबाद में 31 मई को ही होगा। 

आईसीसी  की ये मीटिंग प्रत्येक वर्ष होने वाली तिमाही मीटिंग का हिस्सा है। ये मीटिंग मार्च-अप्रैल में कतर में होनी थी, लेकिन पश्चिम एशिया में संकट के कारण तब ये मीटिंग नहीं हो पाई थी। अब ये मीटिंग भारत में रीशेड्यूल की गई है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी खुद मीटिंग में शामिल होते हैं, लेकिन अब जब ये मीटिंग अहमदाबाद में होने वाली है तो साफ नहीं है कि वह मीटिंग के लिए आएंगे या नहीं। प्रोटोकॉल के तहत आईसीसी की तरफ से सभी सदस्यों को मीटिंग के लिए आमंत्रित किया गया है। नकवी ने आमंत्रण को शहबाज शरीफ को फॉरवर्ड कर दिया है यानी उन्होंने फैसला अपने देश के प्रधानमंत्री पर छोड़ दिया है कि उन्हें भारत जाना चाहिए या नहीं। ये भी कहा जा रहा है कि पीसीबी चीफ वर्चुअली तरीके से मीटिंग में हिस्सा ले सकते हैं।

आईपीएल  2026 का फाइनल मैच डिफेंडिंग चैंपियन (आरसीबी) के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी (बेंगलुरु) में होना था, लेकिन टिकट विवाद के चलते बीसीसीआई ने फाइनल का वेन्यू बदलकर अहमदाबाद कर दिया। प्लेऑफ के मैच 26 मई से शुरू होंगे। 26 मई को पहला क्वालीफायर धर्मशाला में होगा। न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 क्रमश 27 और 29 मई होगा।