मृणाल ठाकुर-अदिवि शेष की 'डकैत' जल्द होगी रिलीज, ट्रेलर कर दिया गया जारी, फैंस को पसंद आ रही है फिल्म
मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की फिल्म 'डकैत' 10 अप्रैल को रिलीज हो रही है और मेकर्स ने अब इसका ट्रेलर रिलीज किया है। यह दमदार है और फैंस को काफी पसंद आ रहा है। 'डकैत' पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, पर 'धुरंधर 2' की वजह से पोस्टपोन कर दी गई थी।
मुंबई। मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की फिल्म 'डकैत' का ट्रेलर फाइनली रिलीज हो गया है। टीजर तो कई महीने पहले आ गया था, पर अब फिल्म की रिलीज से एक हफ्ते पहले मेकर्स ने ट्रेलर जारी किया है, जो दमदार है। 'डकैत' पहले थिएटर्स में 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन 'धुरंधर 2' के कारण इसे पोस्टपोन कर दिया गया था। अब 'डकैत' 10 अप्रैल को पैन इंडिया रिलीज हो रही है। फिल्म में मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष के अलावा अनुराग कश्यप भी हैं और उनका रूप चौंका रहा है।
फिल्म 'डकैत' के ट्रेलर की शुरुआत अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर से होती है। वो एक कपल हैं और शादी करके घर बसाना चाहते हैं, लेकिन हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि मृणाल अपने ही प्रेमी बने अदिवि शेष को धोखा दे देती हैं। कुछ ऐसा होता है कि अदिवि शेष को जेल जाना पड़ता है। उसकी आधी जिंदगी जेल में ही निकल जाती है और मन में मृणाल से बदले की भावना पनपती रहती है। एक दिन वह मौका देखकर जेल से भाग निकलता है और मृणाल को ढूंढने लगता है।
मृणाल ठाकुर मिल जाती है, पर पता चलता है कि उनकी एक बच्ची है। मृणाल किसी बड़ी मुसीबत में फंस जाती हैं और तब अदिवि शेष उनकी मदद करते हैं।मृणाल को पैसों की जरूरत होती है, इसलिए वह अदिवि के साथ मिलकर पैसे चोरी का प्लान बनाती हैं। पर वो खतरनाक पुलिस अधिकारी अनुराग कश्यप से टकरा जाते हैं। 'डकैत' का ट्रेलर काफी दमदार है और फैंस भी इसे पसंद कर रहे हैं। एक ने लिखा है, 'धुरंधर के बाद मैं ये लव स्टोरी देखना चाहूंगा।' एक बोला, 'अदिवि शेष भाई स्क्रीन पर आग लगा देंगे।' एक का कमेंट है, 'डकैत रिकॉर्ड बना देगी।'
'डकैत' में प्रकाश राज, अतुल कुलकर्णी, जैन मैरी खान और कामाक्षी भास्करला भी हैं। इसे Shaneil Deo ने डायरेक्ट किया है, जबकि स्क्रीनप्ले अदिवि शेष और शेनिल देव ने लिखा है। इस फिल्म को तमिल के अलावा हिंदी भाषा में शूट किया गया है, पर अन्य भाषाओं में भी इसे रिलीज किया जाएगा।