मुंबई इंडियंस की हार, राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में बनाई जगह, पंजाब और केकेआर का सफर खत्म  

 राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बना ली है। इसके साथ ही पंजाब किंग्स और केकेआर का सफर समाप्त हो गया।

May 24, 2026 - 20:24
May 24, 2026 - 20:25
 0
मुंबई इंडियंस की हार, राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में बनाई जगह, पंजाब और केकेआर का सफर खत्म  


 
मुंबई। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई है। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मुकाबले में टीम ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से हराया। इसके साथ ही पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम बाहर हो गई है। 14 मैचों के बाद राजस्थान के 16 पॉइंट हो गए हैं। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते रियान पराग की टीम ने 8 विकेट पर 205 रन बनाए। मुंबई की टीम 9 विकेट पर 175 रन ही बना सकी। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई 14 मैचों में 8 पॉइंट के साथ टेबल में 9वें नंबर पर रही।

राजस्थान रॉयल्स की टीम एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। टीम के सामने सनराइजर्स हैदराबाद की चुनौती होगी। वहीं क्वालीफियार-1 में आरसीबी की टक्कर गुजरात टाइटंस से होगी।  

राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल ने तेज शुरुआत की, लेकिन उनका विकेट जल्द ही गिर गया। जायसवाल 17 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 3 छक्के और 1 चौका लगाया। वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला। वह 6 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान रियान पराग भी 8 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हो गए। पावरप्ले में 54 रन पर टीम के तीन विकेट थे। मुश्किल में फंसी आरआर को विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल, दासुन शनाका और जोफ्रा आर्चर ने अपनी छोटी, लेकिन अहम पारियों से संभाला।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जुरेल ने 26 गेंदों पर 2 छक्के और 3 चौके की मदद से 38, पांचवें नंबर पर आए शनाका ने 15 गेंदों पर 3 छक्के की मदद से 29 और सातवें नंबर पर आए आर्चर ने 15 गेंदों पर 3 छक्के और 1 चौका की मदद से 32 रन बनाए। आखिर में जडेजा 11 गेंदों पर 19 और नांद्रे बर्गर 3 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर ने 2-2 विकेट लिए।

मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में रोहित शर्मा खाता खोले बिना जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। अपने दूसरे ओवर में आर्चर ने नमन धीर को आउट किया। पावरप्ले में ही रेयान रिकेल्टन और तिलक वर्मा भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद विल जैक्स और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी क्रीज पर टिक गई। 38 गेंदों पर दोनों के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई। 33 रन बनाकर जैक्स पवेलियन लौटे। उन्होंने 18 गेंदों पर 3 चौके और दो छक्के मारे।

हार्दिक पंड्या ने क्रीज पर आते ही अटैक शुरू कर दिया। इस बीच सूर्यकुमार यादव ने अपनी फिफ्टी पूरी की। 15 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 5 विकेट पर 147 रन था। आखिरी 5 ओवर में मुंबई को 59 रन चाहिए थे। 16वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने 3 रन देकर हार्दिक पंड्या को आउट कर दिया। उन्होंने 15 गेंद पर 34 रन बनाए। अगले ओवर में यश राज पुंजा ने 5 रन देकर कॉर्बिन बॉश का विकेट लिया। 18वें ओवर में सूर्यकुमार यादव के आउट होने के साथ ही मुंबई की हार पक्की हो गई। सूर्या ने 60 रनों की पारी खेली।