बरेली में खुले नाले ने निगल ली जिंदगी: 30 घंटे चले रेस्क्यू के बाद मिला युवक का शव

-आरके सिंह- बरेली। शहर के सबसे व्यस्त सैटलाइट बस स्टैंड पर खुले नाले ने एक और जान ले ली। हरदोई निवासी 30 वर्षीय तौहीद की दर्दनाक मौत ने नगर निगम की लापरवाही और शहर की बदहाल व्यवस्था को बेनकाब कर दिया है। करीब 30 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार तड़के 3 बजे उसका शव नाले से बरामद किया गया।

Mar 26, 2026 - 17:25
Mar 26, 2026 - 17:27
 0
बरेली में खुले नाले ने निगल ली जिंदगी: 30 घंटे चले रेस्क्यू के बाद मिला युवक का शव
नाले में गिरने से मृत तौदीद की फाइल फोटो।

मंगलवार रात करीब 9:30 बजे तौहीद पुत्र रईस, निवासी मोहल्ला कटरा, शाहाबाद देहात (हरदोई), बस पकड़ने के लिए सैटलाइट बस स्टैंड पहुंचा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह खुले नाले में जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह तेज बहाव और गहराई में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रात करीब 12 बजे से ही जेसीबी मशीनों के जरिए नाले की सफाई शुरू की गई, लेकिन भारी मात्रा में कचरा और तेज पानी के बहाव ने रेस्क्यू में लगातार बाधाएं डालीं। बुधवार को पूरे दिन एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर जुटीं। नाले के स्लैब हटाए गए, पानी निकाला गया और मलबा साफ किया गया, फिर भी देर रात तक सफलता हाथ नहीं लगी।

आखिरकार गुरुवार तड़के करीब 3 बजे भारी मशीनों की मदद से स्लैब तोड़कर गहराई तक सफाई करने के बाद शव बरामद किया गया। थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडे ने बताया कि युवक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर तौहीद (30) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 80 मजदूरों को लगातार लगाया गया, पांच जेसीबी मशीनें, तीन वाटर सक्शन पंप, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और पायलिंग मशीन की मदद से स्लैब तोड़े गए। करीब 30 घंटे तक चले इस अभियान के बाद सफलता मिली।

ऑपरेशन के दौरान सीओ पंकज श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर धनंजय पांडे के साथ एक अतिरिक्त इंस्पेक्टर, 10 दरोगा, 20 सिपाही और 15 ट्रैफिक पुलिसकर्मी इंटरसेप्टर वाहन के साथ मौके पर तैनात रहे।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि घटना के बाद तत्काल संयुक्त टीमों द्वारा तलाश अभियान शुरू किया गया। युवक के नाले में गिरने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। उन्होंने माना कि नाले में भारी कचरा और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor