पाकिस्तान की बंपर धुनाई, भारत ने ठोक डाले 170 रन, मंधाना-घोष चमकीं, पाक के सामने 171 का लक्ष्य
18 ओवर में भारत का स्कोर 5 विकेट पर 132 रन था। इसके बाद लास्ट दो ओवर में 38 रन बने। इस तरह टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 171 रनों का लक्ष्य दिया।
एजबेस्टन । 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। हरमनप्रीत कौर की टीम इंडिया ने पहले खेलने के बाद पाकिस्तान के सामने 171 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने 44 गेंद में 68 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि, 18 ओवर में भारत का स्कोर सिर्फ 132 रन था, लेकिन लास्ट दो ओवर में 38 रन बने। इसमें ऋचा घोष का अहम योगदान रहा। घोष ने 17 गेंद में 34 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने के बाद 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 44 गेंद में 68, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंद में 36 और ऋचा घोष ने 17 गेंद में 34 रनों की पारी खेली। वहीं शेफाली वर्मा 06, जेमिमा रोड्रिग्स 01 और भारती फूलमाली 01 का बल्ला नहीं चला।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहले ही ओवर में शेफाली वर्मा आउट हो गईं। उन्हें सादिया इकबाल ने पवेलियन भेजा. इसके बाद चौथे ओवर में 18 के कुल स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिर गया। जेमिमा को तस्मानिया रुबाब ने आउट किया। दो विकेट जल्दी गिरने से पावरप्ले में टीम इंडिया तेजी से रन नहीं बना सकी। 6 ओवर में भारत का स्कोर दो विकेट पर 38 रन रहा।
इसके बाद कप्तान हरमन और मंधाना के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी हुई। मंधाना ने अटैक किया और रन गति बढ़ाई, वहीं हरमन ने संयम से खेलने का फैसला किया। मंधाना ने 44 गेंद में 9 चौके और दो छक्के जड़े। इस तरह उन्होंने 68 रनों की पारी खेली। हरमन 35 गेंद में चार चौकों की मदद से 36 रन बना सकीं।
अंत में ऋचा घोष ने 17 गेंद में पांच चौके और एक छक्का जड़ा। उन्होंने 34 रनों की पारी खेली, और भारत का स्कोर 160 के पार पहुंचाया। दीप्ति शर्मा 9 गेंद में 12 रनों पर नाबाद रहीं।
पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल और कप्तान फातिमा सना ने दो-दो विकेट चटकाए। इसके अलावा तस्मिया रुबाब और रमीन शमीम को एक-एक सफलता मिली।