पीएम मोदी को खाद्य और कृषि संगठन का सबसे बड़ा सम्मान, रोम में एग्रीकोला मेडल से नवाजे गए
पीएम मोदी ने सम्मान ग्रहण करने के बाद कहा कि यह केवल उनका नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मैं यह पदक भारत के किसानों को समर्पित करता हूं।
रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन के सर्वोच्च सम्मान एग्रीकोला मेडल से नवाजा गया है। FAO के डायरेक्टर जनरल डॉ. क्यू यू डोन्ग्यू ने रोम स्थित संगठन के मुख्यालय में एक समारोह में पीएम मोदी को साल 2026 के लिए एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया। यह समारोह संगठन के ऐतिहासिक प्लेनरी हॉल में आयोजित किया गया। एग्रीकोला मेडल खाद्य और कृषि संगठन की तरफ से दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है।
अवार्ड से सम्मानित होने के बाद पीएम मोदी ने धन्यवाद देते हुए कहा, "यह सम्मान केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए है। यह भारत के किसानों और मछुआरों का सम्मान है। मैं यह पदक भारत के किसानों को समर्पित करता हूं।" भारत में कृषि को मुख्य धारा बताते हुए उन्होंने कहा, "हम अपनी धरती की पूजा करते हैं।"
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भूख से लड़ने में वैश्विक सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा, आज दुनिया जलवायु परिवर्तन से लेकर सप्लाई चेन में रुकावटों तक कई चुनौतियों का सामना कर रही है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी भूखा न रहे, टिकाऊ खेती, इनोवेशन और सामूहिक वैश्विक कार्रवाई जरूरी है।
एफएओ के महानिदेशक डॉ. क्यू यू डोन्गयू ने कहा, यह मेडल सभी लोगों के कल्याण के प्रति पीएम मोदी के योगदान और प्रतिबद्धता की पहचान है। उनके कार्यकाल के दौरान कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और किसानों के हित में सुधार लाने के लिए शुरू की गई ऐतिहासिक योजनाओं के लिए है, भूख और गरीबी से लड़ने और सार्वभौमिक खाद्य सुरक्षा हासिल करने के FAO के मूलभूत लक्ष्यों के प्रति समर्थन के लिए हैं।
एग्रीकोला मेडल एफएओ का सबसे बड़ा सम्मान है। यह सम्मान उन वैश्विक नेताओं को दिया जाता है, जिन्होंने कृषि को मजबूत बनाने, भूख कम करने और वैश्विक खाद्य प्रणालियों को बेहतर बनाने की दिशा में असाधारण दूरदृष्टि, राजनीतिक प्रतिबद्धता और ठोस योगदान दिया है। इस सम्मान के साथ मोदी उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें यह पुरस्कार मिल चुका है। इस समूह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय और इंडोनेशिया के पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो शामिल हैं।