चुनाव बाद बंगाल में भड़की हिंसा, दो लोगों की मौत, एक्शन मोड में चुनाव आयोग
पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद होने वाली हिंसा पर चुनाव आयोग सख्त हो गया है। इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने डीजीपी और सभी जिलों के पुलिस कप्तानों से सख्ती करने, आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने तथा गश्त तेज करने के आदेश दिए हैं। चुनाव बाद की हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई है।
कोलकाता। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़काने वालों और तोड़फोड़ करने वालों पर सख़्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। सीईसी ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के डीजी सहित सभी डीएम, एसपी और पुलिस अधिकारियों को निरंतर गश्त पर रहने के आदेश दिए। पश्चिम बंगाल मे हिंसा भड़काने और तोड़फोड़ करने वालों को तुरंत गिरफ़्तार करने को भी कहा है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग ने ऐसे मामलों को कतई बर्दाशत नहीं करने की नीति अपनाने की बात कही है। निर्वाचन आयोग ने यह निर्देश तब जारी किया, जब राज्य में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में कथित तौर पर दो लोगों की हत्या कर दी गई और कई पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की ग।
अधिकारी ने कहा, 'यह सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शांति बनी रहे और इसे बिगाड़ने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाए। निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा है कि वे चुनाव के बाद होने वाली किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करें। इस संबंध में कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति होनी चाहिए, चाहे इसमें कोई भी शामिल हो।'
निर्वाचन आयोग ने कहा कि राज्य के अधिकारियों और केंद्रीय बलों- दोनों को ही सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, 'स्थिति नियंत्रण में रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के बीच घनिष्ठ समन्वय पर ज़ोर दिया गया है।' मंगलवार को कोलकाता के न्यूटाउन इलाके में भाजपा के एक कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस कार्यकर्ता का नाम मधु मंडल बताया जा रहा है। आरोप है कि इस घटना में टीएमसी समर्थकों का हाथ है। इस हत्या के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।