बरेली क्लब में प्रतापगढ़ का जलवा, आद्या सिंह बनीं ‘मई क्वीन 2026’, प्रियंका चोपड़ा के ऐतिहासिक मंच पर श्वेता सिंह को फर्स्ट रनरअप और अनुष्का आनंद को सेकेंड रनरअप चुना गया
-आरके सिंह- बरेली। प्रतिष्ठित बरेली क्लब में फैशन, ग्लैमर और आत्मविश्वास का भव्य संगम देखने को मिला। रोशनी, संगीत और रंगों से सजे शानदार मंच पर आयोजित मई क्वीन 2026 प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ की आद्या सिंह ने अपनी खूबसूरती, प्रभावशाली व्यक्तित्व और दमदार प्रस्तुति के बल पर ताज अपने नाम कर लिया। देर रात घोषित परिणामों में श्वेता सिंह को फर्स्ट रनरअप और अनुष्का आनंद को सेकेंड रनरअप चुना गया। विजेताओं के नाम सामने आते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बरेली क्लब का यह वही ऐतिहासिक मंच है, जहां वर्ष 1999 में प्रियंका चोपड़ा ने भी मई क्वीन का खिताब अपने नाम किया था। बरेली में जन्मी प्रियंका चोपड़ा बाद में मिस वर्ल्ड बनीं और आज ग्लोबल आइकॉन के रूप में पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर ताज जीतना प्रतिभागियों के लिए किसी सपने से कम नहीं माना जाता।
दो वर्ष बाद आयोजित हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 20 प्रतिभागी युवतियों ने रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी, डांस और टैलेंट राउंड में जबरदस्त प्रदर्शन किया। आधुनिक फैशन, आत्मविश्वास, सौंदर्य और बुद्धिमत्ता के तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के परिजनों की धड़कनें भी बढ़ती रहीं।
फाइनल राउंड में आद्या सिंह ने अपने संतुलित व्यक्तित्व, आकर्षक रैंप वॉक और स्मार्ट जवाबों से निर्णायक मंडल को खासा प्रभावित किया। इसके बाद निर्णायकों ने उन्हें मई क्वीन बॊल 2026 घोषित किया। जनरल ऑफिसर कमांडिंग यूबी एरिया लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा और वर्ष 2024 की विजेता प्राची सिंह वधावन ने आद्या सिंह को क्राउन पहनाकर सम्मानित किया।
आद्या सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां श्वेता सिंह और पिता लेफ्टिनेंट कर्नल अभिनव सिंह को दिया। कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, क्लब सदस्यों और शहर के गणमान्य लोगों की बड़ी मौजूदगी रही। बरेली क्लब के संरक्षक एवं उत्तर भारत क्षेत्र के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा और उनकी पत्नी मिनी मिश्रा ने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मई क्वीन 2024 की विजेता प्राची सिंह वधावन, पूनम सिंह, मेजर जनरल आईएस गिल, बरेली क्लब अध्यक्ष एवं जाट रेजीमेंट सेंटर के कमांडर ब्रिगेडियर हरजीत प्रीत पाल सिंह, कर्नल विनय भूषण साहू, बरेली क्लब सचिव कर्नल कमलजीत सिंह, डायरेक्टर अनंत बीर सिंह, राजा चावला, विपिन अग्रवाल और विजय कपूर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न विशेष वर्गों में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मिस फोटोजेनिक का खिताब आद्या मिश्रा, मिस रैंप वॉक ऐश्वर्या राय, मिस टैलेंटेड हर्षिता नेगी, मिस फैशन आइकॉन मानसी भदौरिया, मिस इंटेलेक्चुअल महिमा सिंह, मिस चार्मिंग मोनिका थापा और मिस ब्यूटीफुल हेयर उन्नति देवा को प्रदान किया गया।