वृंदावन में राष्ट्रपति का आगमनः रोशनी में नहाए इस्कॊन और प्रेम मंदिर को निहारती रह गईं द्रौपदी मुर्मू
वृंदावन। कान्हा नगरी वृंदावन में गुरुवार को उस समय अद्भुत आध्यात्मिक माहौल बन गया, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के साथ ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। मानो इंद्रदेव स्वयं उनका स्वागत कर रहे हों। शहनाई की गूंज, भक्ति की धारा और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते मंदिरों के बीच राष्ट्रपति का यह दौरा भक्ति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का अनोखा संगम बन गया।
इस्कॉन मंदिर में शहनाई और बारिश के बीच दिव्य स्वागत

इस्कॊन मंदिर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु।
राष्ट्रपति का काफिला मथुरा से सीधे होटल पहुंचा, जहां अल्प विश्राम के बाद वे श्रीकृष्ण बलराम इस्कान मंदिर पहुंचीं। मंदिर में प्रवेश करते ही तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बाहर शहनाई की मधुर धुन बज रही थी। मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने पारंपरिक विधि से उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। मंदिर परिसर में अंदर-बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। लौटते समय सुरक्षाकर्मियों ने छाता लेकर उन्हें वाहन तक पहुंचाया।
प्रेम मंदिर की रोशनी में खो गईं राष्ट्रपति
इस्कॉन मंदिर से निकलकर राष्ट्रपति का काफिला प्रेम मंदिर पहुंचा। यहां विद्युत की रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर अपनी दिव्यता बिखेर रहा था, जिसे देखकर राष्ट्रपति कुछ क्षणों तक निहारती रह गईं।
उन्होंने मंदिर में राधा-कृष्ण के युगल विग्रह के दर्शन कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया। सभा मंडप में 51 आश्रमवासियों की संकीर्तन मंडली ने भक्ति रस की अविरल धारा बहाई।

प्रेम मंदिर की परिक्रमा करतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु।
लेज़र शो, परिक्रमा और भोग प्रसाद का लिया आनंद
राष्ट्रपति और राज्यपाल ने प्रेम मंदिर में आयोजित लेज़र शो का अवलोकन किया। इसके बाद गर्भगृह के बाहर परिक्रमा की और प्रथम तल पर श्री सीता-राम एवं श्री महाराज जी के विग्रहों के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्री अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव और डॉ. सुपर्णा राव ने स्मृति चिन्ह एवं साहित्य भेंट कर उनका अभिनंदन किया। राष्ट्रपति ने प्रसाद ग्रहण किया और श्रद्धापूर्वक परिक्रमा पूर्ण की।
कैंट हेलीपैड पर हुआ भव्य स्वागत, सुरक्षा रही चाक-चौबंद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से मथुरा के कैंट हेलीपैड पहुंचीं, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, गन्ना विकास मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण, मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह और महापौर विनोद अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप, ग्रुप कैप्टन शिवम मनचंदा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मथुरा से वृंदावन और छटीकरा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई थी। इसका असर यह रहा कि मंदिरों की नगरी में लंबे समय बाद सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और जाम की समस्या से राहत मिली।
Top of Form