प्रो. अनिल कुमार राय ने संभाला रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार, शैक्षणिक गुणवत्ता और रोजगारपरक शिक्षा पर रहेगा जोर

-आरके सिंह- बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के नवनियुक्त कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने सोमवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर 23वें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान कुलपति प्रो. केपी सिंह से पदभार संभाला। कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. राय ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, शोध एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया।

Aug 31, 2026 - 19:06
 0
प्रो. अनिल कुमार राय ने संभाला रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार, शैक्षणिक गुणवत्ता और रोजगारपरक शिक्षा पर रहेगा जोर
नवागत कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय का स्वागत करते विवि के कर्मचारी।

कुलपति के रूप में प्रो. राय के विश्वविद्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ प्रोफेसरों, अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रो. रवीन्द्र सिंह, बरेली कॉलेज की उपप्राचार्या डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. रमेश त्रिपाठी, विश्वविद्यालय के अधिकारी, सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता

कार्यभार संभालने के बाद प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शोध एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और रुहेलखंड विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने पर जोर दिया।

शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु रह चुके हैं प्रो. राय

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति बनने से पहले प्रो. अनिल कुमार राय पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के कुलगुरु के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय ने शोध, नवाचार, डिजिटल तकनीक और विद्यार्थी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र और पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध केंद्र की स्थापना, हाईटेक मीडिया लैब, रेडियो शेखावाटी 91.2 एफएम, ऑटोमेटेड प्रश्नपत्र प्रणाली, ऑनलाइन प्रोविजनल डिग्री एवं माइग्रेशन सुविधा तथा वाई-फाई युक्त ग्रीन कैंपस जैसी पहल शामिल हैं।

विश्वविद्यालय को नई दिशा देने की तैयारी

प्रो. राय के 23वें कुलपति के रूप में कार्यभार संभालने पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। विश्वविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और नई सोच से रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शिक्षा, शोध, तकनीकी नवाचार और विद्यार्थी सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।

SP_Singh AURGURU Editor