जनता से बदसलूकी पर गिरी गाज: बरेली में दुर्व्यवहार का आदी क्राइम इंस्पेक्टर निलंबित
-आरके सिंह- बरेली। थाना नवाबगंज में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर जयपाल सिंह पर आम जनता के साथ लगातार दुर्व्यवहार और अनुचित आचरण के गंभीर आरोपों की पुष्टि होते ही निलंबन की गाज गिर गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने रविवार को तत्काल प्रभाव से जयपाल सिंह को निलंबित कर दिया, साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के खिलाफ आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार, अनावश्यक दबाव और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही की कई शिकायतें लगातार मिल रही थीं। मामला जब उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो इसकी जांच कराई गई, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर ही आरोपों की पुष्टि हो गई।
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और गलत आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिस का व्यवहार ही उसकी असली पहचान है, जनता के साथ दुर्व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इंस्पेक्टर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद बिना देरी किए निलंबन की कार्रवाई की गई।
इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस लाइन से लेकर विभिन्न थानों तक चर्चा का माहौल गर्म है। कई पुलिसकर्मी इसे विभागीय अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।