अग्निवीर बनने की दौड़: बरेली जाट रेजीमेंट सेंटर में 10 हजार युवाओं की किस्मत का होगा फैसला

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना लिए हजारों युवाओं की उम्मीदें बरेली जाट रेजीमेंट सेंटर में दौड़ेंगी। 11 मार्च से शुरू होकर 23 मार्च तक चलने वाली इस भर्ती रैली में करीब 10 हजार शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। सेना और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Mar 11, 2026 - 12:07
 0
अग्निवीर बनने की दौड़: बरेली जाट रेजीमेंट सेंटर में 10 हजार युवाओं की किस्मत का होगा फैसला

मैदान में तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भर्ती रैली को लेकर जाट रेजीमेंट सेंटर के मैदान में युवाओं की दौड़ के लिए बैरिकेडिंग, लाइन व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, सफाई और आश्रय स्थल की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और सेना ने व्यापक प्रबंध किए हैं।

11 जिलों के युवक होंगे शामिल

बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि भर्ती रैली में बरेली के अलावा बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। सोमवार को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने भर्ती कार्यालय पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।

युवाओं के लिए विशेष सुविधाएं

अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए भर्ती स्थल पर पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग, छावनी परिषद, जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है।

इन पदों के लिए होगी भर्ती

सेना के अधिकारियों के अनुसार भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क-स्टोर कीपर, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जिन्होंने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम पास किया है।

एडमिट कार्ड और दस्तावेज साथ लाना जरूरी

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे अपने एडमिट कार्ड और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर ही भर्ती स्थल पर पहुंचे। जिन अभ्यर्थियों को किसी कारण से अपने पंजीकृत ई-मेल से रैली एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या हो रही है, वे सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सेना भर्ती कार्यालय बरेली में संपर्क कर सकते हैं।

दलालों से दूर रहने की चेतावनी

सेना के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को किसी भी एजेंट या दलाल के झांसे में न आने की सख्त चेतावनी भी दी है।

SP_Singh AURGURU Editor