संसद परिसर में मोदी से मिले राहुल,   पहले मुस्कुराए,  फिर हाथ जोड़ लिए,  काफी देर तक होती रही बातचीत सं

संसद भवन परिसर से शनिवार सुबह राजनीति की बेहद खास तस्वीर सामने आई। हुआ ये कि पीएम मोदी और राहुल गांधी आमने-सामने नजर आए। खास बात ये थी राहुल गांधी ने इस दौरान हाथ जोड़कर पीएम मोदी का अभिवादन किया तो प्रधानमंत्री ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। फिर उनके बीच बातचीत भी हुई।

Apr 11, 2026 - 21:30
 0
संसद परिसर में मोदी से मिले राहुल,   पहले मुस्कुराए,  फिर हाथ जोड़ लिए,  काफी देर तक होती रही बातचीत  सं

नई दिल्ली। केरल, बंगाल, असम समेत 5 राज्यों में चुनावी घमासान को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। ऐसे में शनिवार सुबह-सुबह भारतीय राजनीति की बेहद खास तस्वीर सामने आई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अचानक ही आमने-सामने आ गए। इस दौरान राहुल गांधी ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने भी हाथ जोड़कर उनके अभिवादन को स्वीकार किया। यही नहीं दोनों ही नेताओं के बीच फिर काफी देर तक बातचीत होती रही।

शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती थी। इस मौके पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर खास आयोजन रखा गया। इसी मौके पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद और लोकसभा स्पीकर समेत सियासी दिग्गज पहुंचे थे। इसी समारोह में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मुलाकात हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए संसद परिसर स्थित 'प्रेरणा स्थल' पहुंचे। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश और अन्य सियासी दिग्गज भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन समानता, न्याय और शिक्षा के आदर्शों के लिए समर्पित था। फुले का जन्म 11 अप्रैल, 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था और उनका निधन 28 नवंबर, 1890 को हुआ।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'महान समाज सुधारक महात्मा फुले के 200वीं जयंती वर्ष के समारोहों का आरंभ हो रहा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा, ज्ञान और जन कल्याण को समर्पित कर दिया। वे महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की वकालत करने में अग्रणी थे। उनके विचार सामाजिक प्रगति की दिशा में सभी का मार्गदर्शन करते रहें।' उन्होंने कहा कि फुले के प्रयासों से शिक्षा सशक्तीकरण का एक शक्तिशाली माध्यम बनी।

संसद परिसर में जैसे ही पीएम मोदी पहुंचे तो राहुल गांधी, जेपी नड्डा समेत तमाम नेताओं ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी उसी अंदाज में हाथ जोड़कर उनके अभिवादन को स्वीकार किया। इसके बाद पीएम मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच काफी देर बात भी हुई। सवाल ये है कि अभी चुनावी घमासान चल रहा तो ऐसे में उनके किस मुद्दे पर बात हुई होगी ये स्पष्ट नहीं है। हां, जिस तरह से उनके बीच बातचीत का वीडियो सामने आया है उसमें दोनों ही नेता बेहद गंभीर चर्चा में जुटे नजर आए।