आरआर ने चेन्नई को आठ विकेट से हराया, वैभव चमके, जडेजा ने गेंदबाजी में दिखाया दम
गुवाहाटी। आईपीएल 2026 के तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया। राजस्थान ने 47 गेंद पहले यह जीत अपने नाम की। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने रन चेज के दौरान राजस्थान को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
वैभव ने 17 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 52 रन स्कोर किए। इस दौरान वैभव ने 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की. यह संयुक्त रूप से आईपीएल इतिहास की तीसरी सबसे तेज फिफ्टी रही। मैच में पहले बैटिंग के लिए उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस दौरान राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट अपनी झोली में डाले।
10 ओवर के बाद ही राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 106/2 रन हो गया था। राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका 9वें ओवर में 99 रन पर ध्रुव जुरेल के रूप में लगा। जुरेल ने 9 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 18 रनों की पारी खेली। ताबड़तोड़ पारी खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी आउट होकर पवेलियन लौट गए। राजस्थान को वैभव के रूप में पहला झटका 7वें ओवर में 75 रन पर लगा।
उधर चेन्नई के लिए सर्वाधिक 43 रन जेमी ओवर्टन ने बनाए। जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए। आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले रविंद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड हो गए थे। यह जडेजा की घर वापसी भी थी। राजस्थान रॉयल्स से ही जडेजा ने अपना आईपीएल करियर शुरू किया था। उन्होंने 2008 और 2009 में आरआर का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि अब घर वापसी पर जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया।
37 साल के रविंद्र जडेजा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और पहले ओवर में ही दो विकेट ले लिए। जड्डू ने पहले अच्छी लय में लग रहे सरफराज खान को एलबीडब्ल्यू किया। सरफराज 17 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे बल्लेबाजी करने के लिए आए। उन्होंने आते ही जडेजा की गेंद पर छक्का लगा दिया।
हालांकि जडेजा ने उसी ओवर में दुबे से बदला ले लिया। उन्होंने शिवम दुबे को कैच आउट करवा दिया। दुबे सिर्फ 6 रन बनाकर ही आउट हो गए। रविंद्र जडेजा ने शिवम दुबे को आउट कर गन सेलिब्रेशन भी किया था। जडेजा ने सीएसके के खिलाफ 3 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए और 2 अहम विकेट लिए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना पांचवां खिताब 2023 में गुजरात टाइटंस को हराकर जीता था। रविंद्र जडेजा ने आखिरी 2 बॉल पर 10 रन बनाकर अहमदाबाद में चेन्नई को चैंपियन बनाया था। उन्होंने पहले मोहित शर्मा की गेंद पर छक्का लगाया और फिर आखिरी बॉल पर चौका लगाकर चेन्नई को फाइनल जिताया।