ब्रज के स्वच्छता महाअभियान से अब संतों को भी जोड़ा जाएगा, श्रद्धालुओं को दिलाएंगे स्वच्छता का संकल्प

ब्रज की स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। अब संत समाज, गुरु महाराज और भागवताचार्यों को 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान से जोड़ा जाएगा। उनके माध्यम से ब्रज आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली को स्वच्छ, निर्मल और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने की जनभागीदारी और मजबूत हो सके।

Jul 11, 2026 - 17:35
 0
ब्रज के स्वच्छता महाअभियान से अब संतों को भी जोड़ा जाएगा, श्रद्धालुओं को दिलाएंगे स्वच्छता का संकल्प
लक्ष्मी नागप्पन।

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संचालित 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान अब नए चरण में प्रवेश कर रहा है। अभियान में अब संत समाज, गुरु महाराज, महंतों और भागवताचार्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य ब्रज आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश आध्यात्मिक माध्यम से पहुंचाना और स्वच्छता को सामाजिक अभियान से आगे बढ़ाकर जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने कहा कि ब्रज केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और विश्व की आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक माना जाता है। श्रीमद्भागवत, विभिन्न पुराणों और संत साहित्य में वर्णित ब्रज की यह पावन भूमि सदियों से भक्ति, प्रेम, करुणा और लोकमंगल का संदेश देती रही है। ऐसे दिव्य धाम की स्वच्छता को प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी बनाने के उद्देश्य से परिषद ने संत समाज को अभियान का महत्वपूर्ण सहभागी बनाने का निर्णय लिया है।

परिषद के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की जन्म एवं लीलास्थली ब्रज में प्रतिवर्ष लगभग 10 करोड़ श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मथुरा, वृंदावन, गोकुल, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, राधाकुंड सहित ब्रज के प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों में अनेक संतों, महंतों और भागवताचार्यों के आश्रम स्थित हैं, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सत्संग, भागवत कथा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं।

इसी व्यापक आध्यात्मिक प्रभाव को ध्यान में रखते हुए अब संत समाज अपने प्रवचनों, सत्संगों और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को यह संकल्प दिलाएगा कि वे ब्रज में कहीं भी कूड़ा नहीं फैलाएंगे, एकल-उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे तथा यमुना तट, कुंडों, घाटों, परिक्रमा मार्गों और सभी धार्मिक स्थलों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करेंगे।

श्रद्धालुओं को यह भी बताया जाएगा कि ब्रज की स्वच्छता केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की सेवा, ब्रज रज का सम्मान और अपनी आस्था के प्रति कर्तव्य भी है। परिषद का मानना है कि जब स्वच्छता का संदेश संतों के माध्यम से पहुंचेगा तो उसका प्रभाव अधिक व्यापक और स्थायी होगा।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने कहा कि ब्रज की पहचान केवल मंदिरों, कुंडों और परिक्रमा मार्गों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की आध्यात्मिक पवित्रता और सांस्कृतिक चेतना भी इसकी सबसे बड़ी पहचान है। ब्रज को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संत समाज, गुरु महाराज और भागवताचार्यों का समाज पर गहरा आध्यात्मिक प्रभाव है। यदि उनके माध्यम से प्रत्येक श्रद्धालु तक स्वच्छता का संदेश पहुंचेगा तो यह अभियान और अधिक प्रभावी जनआंदोलन बन सकेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि ब्रज दर्शन के लिए आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यह संकल्प लेकर जाए कि वह स्वयं भी स्वच्छता का पालन करेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा। ब्रज में गंदगी फैलाना केवल पर्यावरण के प्रति लापरवाही नहीं, बल्कि इस पावन धाम की गरिमा और हमारी आस्था के प्रति भी अनुचित आचरण है।

उल्लेखनीय है कि 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना तथा ब्रज की आध्यात्मिक गरिमा, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखना है।

इसी अभियान के अंतर्गत रविवार प्रातः 8 बजे महावन स्थित चौरासी खंभा मंदिर एवं चिंताहरण महादेव घाट पर हार्टफुलनेस संस्था के स्वयंसेवकों सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता स्वच्छता संबंधी श्रमदान करेंगे। परिषद ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में सहभागिता कर ब्रज को स्वच्छ और सुंदर बनाने का आह्वान किया है।

SP_Singh AURGURU Editor