बंगाल में दूसरे फेज की वोटिंग जारी,   142 सीटों पर हो रहा मतदान,  महुआ मोइत्रा बोलीं-'ऐसा लग रहा है मिलिट्री शासन हो'

दूसरे चरण में तृणमूल कांग्रेस के गढ़ कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नादिया, हुगली और पूर्वी बर्धमान के मुकाबलों पर नजर रहेगी।

Apr 29, 2026 - 08:52
 0
बंगाल में दूसरे फेज की वोटिंग जारी,   142 सीटों पर हो रहा मतदान,  महुआ मोइत्रा बोलीं-'ऐसा लग रहा है मिलिट्री शासन हो'


 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए  राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान शुरू हो गया है।  इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 रजिस्टर्ड वोटर हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। 

सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध करा दिए गए हैं। मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 3,243 वोटर हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है। इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में मतदान करेंगे। इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं है।

142 सीटों में से 107 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 34 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है। दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि हुगली जिले की एक सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान होगा उनमें नादिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं। कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

दूसरे चरण में तृणमूल कांग्रेस के गढ़ कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नादिया, हुगली और पूर्वी बर्धमान के मुकाबलों पर नजर रहेगी। इन इलाकों का परिणाम चुनाव की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। दूसरे चरण में जिन 142 सीट पर मतदान होना है उनमें से तृणमूल कांग्रेस ने 2021 में 123 सीट जीती थीं, बीजेपी ने सिर्फ 18 और ‘इंडियन सेक्युलर फ्रंट’ (आईएसएफ) ने एक सीट हासिल की थी।

बीजेपी के तमाम प्रयासों के बावजूद पांच साल पहले ममता बनर्जी की पार्टी ने दक्षिण बंगाल में शानदार जीत हासिल की और आसानी से सत्ता पर कब्जा किया। भवानीपुर विधानसभा सीट पर भी इसी चरण में मतदान होना है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ है और बीजेपी ने यहां नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है।

महुआ मोइत्रा ने कहा, 'मुझे सुबह-सुबह अपना वोट डालने का मौका मिलने से बहुत खुशी हो रही है। हम वही जारी रखने जा रहे हैं, जो हमने पहले चरण में शुरू किया था। पहले चरण में हमने जो देखा और आज जो देखने की संभावना है। उसे मैं 'बदले की भावना से मतदान' कहूंगा। हमें पूरे दिन भारी संख्या में मतदाताओं के आने की उम्मीद है। हमने पहले कभी ऐसा चुनाव नहीं देखा। वैसे तो मतदान आमतौर पर लोकतंत्र का उत्सव होता है, लेकिन इस बार यह सैन्य शासन जैसा लग रहा है, जैसा कि आप देख सकते हैं।

खड़गपुर सदर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, 'हमारी लड़ाई किसी एक चुनाव के लिए नहीं है। हम सामाजिक परिवर्तन के लिए आए हैं। हम लोगों के जीवन में बदलाव लाने और उस बदलाव को अपनी आंखों के सामने देखने के लिए लड़ रहे हैं। हम लड़ते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे। लोग वोट देने के लिए तैयार हैं, जहां पहले 60-65% मतदान होता था, अब 90-95% मतदान हो रहा है। इस बार चुनाव आयोग की सख्ती ने लोगों का मनोबल और भी बढ़ाया है।'