ईरान के साथ पाक में ही होगी यूएस की दूसरे दौर की वार्ता, अगले दो दिनों में बातचीत संभव, ट्रंप ने की मुनीर की तारीफ
ट्रंप ने पाकिस्तान की भूमिका की सराहना करते हुए वहां के सैन्य नेतृत्व खासकर आसिम मुनीर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसी वार्ता किसी ऐसे देश में होनी चाहिए जो सीधे तौर पर इस मुद्दे से जुड़ा हो।
वाशिंगटन। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता फिर से पाकिस्तान में ही होने की संभावना जताई गई है। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों के भीतर पाकिस्तान में ही ईरान युद्ध को लेकर नई बातचीत हो सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की। उन्होने कहा कि ऐसी वार्ता किसी ऐसे देश में होनी चाहिए जो सीधे तौर पर इस मुद्दे से जुड़ा हो, न कि किसी ऐसे देश में जिसका इस संघर्ष से कोई संबंध नहीं है।
इस घटनाक्रम से साफ है कि पाकिस्तान एक बार फिर इस पूरे संकट में मध्यस्थ की अहम भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है और खुद को क्षेत्रीय शांति प्रक्रिया के केंद्र में स्थापित करना चाहता है।
रिपोर्ट्स की मानें तो द पोस्ट के एक रिपोर्टर से अमेरिका और ईरान के बीच भविष्य की बातचीत करने की संभावनाओं के बारे में बात करने से कुछ देर बाद ट्रंप ने एक अपडेट देने के लिए दोबारा से कॉल किया। इसमें उन्होंने कहा कि आपको वहीं रहना चाहिए क्योंकि अगले दो दिन में कुछ भी हो सकताहै। हमारा झुकाव वहीं जाने की तरफ ज्यादा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि संभावना ज्यादा है. क्योंकि वहां फील्ड मार्शल बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति लगातार फील्ड मार्शल मुनीर की बात कर रहे थे। ट्रंप का जुड़ाव मुनीर से पाकिस्तान के खिलाफ चलाए भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुआ था। यह भारत की पहलगाम हमले के जवाब में बड़ी कार्रवाई थी। उस वक्त ट्रंप ने कहा था कि यह युद्ध उनकी वजह से रुका, हालाकिं, भारत उनके इस दावे को नकारता है।