दिल्ली में सिंगर जैस्मीन ने किया सगाई का ऐलान, ‘ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की ओपनिंग नाइट बनी यादगार

दिल्ली में ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की ओपनिंग नाइट के दौरान पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने अपने मंगेतर शेखर चौधरी के साथ सगाई की घोषणा की। उन्होंने मंच पर अंगूठी दिखाते हुए फैंस के साथ अपनी खुशी साझा की। इसके बाद दोनों ने ‘लावन’ गाने पर रोमांटिक डांस किया। कॉन्सर्ट में जैस्मीन ने अपने कई सुपरहिट गानों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

Jul 12, 2026 - 23:42
 0
दिल्ली में सिंगर जैस्मीन ने किया सगाई का ऐलान, ‘ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की ओपनिंग नाइट बनी यादगार
पंजाबी संगीत जगत की मशहूर सिंगर जैस्मीन सैंडलस अपने मंगेतर शेखर चौधरी के साथ।

कॉन्सर्ट के मंच पर मंगेतर शेखर चौधरी को बुलाकर पहनाई अंगूठी की झलक, रोमांटिक डांस ने जीता फैंस का दिल

नई दिल्ली। पंजाबी संगीत जगत की मशहूर सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने अपने बहुप्रतीक्षित ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की शुरुआत राजधानी दिल्ली से की। इस भव्य कॉन्सर्ट की ओपनिंग नाइट उस समय और भी खास बन गई, जब जैस्मीन ने हजारों प्रशंसकों के सामने अपनी सगाई की घोषणा कर दी। सिंगर ने मंच से अपने मंगेतर शेखर चौधरी को बुलाकर यह खुशखबरी साझा की और अपनी सगाई की अंगूठी भी फैंस को दिखाई।

जैसे ही जैस्मीन ने अपनी इंगेजमेंट की घोषणा की, पूरे कॉन्सर्ट स्थल पर तालियों और उत्साह की गूंज सुनाई देने लगी। फैंस ने इस खास पल का गर्मजोशी से स्वागत किया और कपल को बधाइयां दीं। इसके बाद जैस्मीन और शेखर ने मंच पर एक साथ रोमांटिक अंदाज में डांस किया, जिसने इस शाम को और भी यादगार बना दिया।

दोनों ने जैस्मीन के लोकप्रिय गीत ‘लावन’ पर शानदार प्रस्तुति दी। इस भावुक और रोमांटिक पल ने कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सोशल मीडिया पर भी इस खास मौके के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।

दिल्ली में आयोजित इस कॉन्सर्ट के साथ जैस्मीन सैंडलस के ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ का आगाज हुआ। सिंगर ने अपने एक से बढ़कर एक सुपरहिट पंजाबी गानों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने ‘लावन’, ‘पंजेबा’ और ‘सिप सिप’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर फैंस को झूमने और गुनगुनाने पर मजबूर कर दिया।

इसके अलावा जैस्मीन ने ‘शरारत’, ‘जाइए सजना’ और टूर के टाइटल ट्रैक की प्रस्तुति देकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वहीं ‘तरस’, ‘इलीगल वेपन’ और ‘यार ना मिले’ जैसे ब्लॉकबस्टर गानों पर दर्शकों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। पूरी शाम संगीत, रोमांस और उत्साह से भरपूर रही।

जैस्मीन सैंडलस का यह कॉन्सर्ट न केवल उनके संगीत सफर का एक नया अध्याय साबित हुआ, बल्कि उनकी निजी जिंदगी की खुशियों का भी गवाह बना। फैंस अब उनके आगामी कॉन्सर्ट्स और शादी से जुड़ी खबरों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।