बरेली में स्कूल के पास खुले कुएं में गिरने से छह वर्षीय छात्र की मौत, पानी पीने गया था मासूम, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

-आरके सिंह-  बरेली। जिले के भुता थाना क्षेत्र के गांव अदीनापुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ने वाला छह वर्षीय छात्र लविश पानी पीने के लिए स्कूल परिसर के पास बने कुएं के नजदीक गया था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। मासूम के कुएं में गिरते ही स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी फैल गई।

May 7, 2026 - 19:10
 0
बरेली में स्कूल के पास खुले कुएं में गिरने से छह वर्षीय छात्र की मौत, पानी पीने गया था मासूम, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। कुएं में रस्सियां डाली गईं और कई लोग नीचे उतरने का प्रयास करते रहे, लेकिन कुएं की गहराई अधिक होने के कारण काफी देर तक सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर भुता थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया।

थाना भुता के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी। उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के पास एक पुराना खुला कुआं बना हुआ है। उसी कुएं के पास पानी की टोंटी लगी है, जहां बच्चे अक्सर पानी पीने जाते हैं। गुरुवार सुबह बारिश के कारण वहां कीचड़ हो गया था। इसी दौरान लविश का पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा।

मासूम की मौत के बाद स्कूल परिसर के पास खुले कुएं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुएं के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई यही पूछ रहा है कि आखिर इस मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन है।

SP_Singh AURGURU Editor