टीएमसी टीएमसी का टूटना लगभग तय, लोकसभा स्पीकर से मिलेंगे 20 सांसद, सामने रखेंगे अलग ब्लाक को मान्यता देने की मांग
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की. अब खबर है कि टीएमसी के 20 सांसद सोमवार को लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे।
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस में चल रही उठापटक अब आखिरी दौर में पहुंच सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने शनिवार (13 जून) ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वे इससे पहले शताब्दी रॉय के साथ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलने पहुंचे थे। अब खबर है कि टीएमसी के 20 सांसद सोमवार (15 जून) को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करेंगे। उनके सामने एक बड़ी मांग रखने वाले हैं।
टीएमसी के 20 सांसद सोमवार को लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करके अलग ब्लॉक की मांग करेंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक टीएमसी के बागी सांसदों को एनडीए का समर्थन भी मिलेगा, जिसके बाद एक अलग ब्लॉक के तौर पर मान्यता की मांग करेंगे। उनके लिए लोकसभा में अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस से अलग बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
सुदीप बंदोपाध्याय शनिवार सुबह ही दिल्ली पहुंचे। वे शताब्दी रॉय के साथ भूपेंद्र यादव के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित घर गए। उन्होंने भूपेंद्र यादव से मुलाकात की और स्पीकर को भेजे जाने वाले लेटर पर साइन भी किए। इसके बाद सुदीप गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। यह मीटिंग 30 मिनट से ज्यादा चली। अब लेटर पर साइन करने वाले 20 सांसद सोमवार को स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही टीएमसी के भीतर आंतरिक कलह बढ़ती जा रही है। पार्टी पहले ही राज्य विधानसभा में अपने संसदीय दल पर नियंत्रण खो चुकी है और अब लोकसभा में भी बगावत के संकेत स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
1 जून को लोकसभा में टीएमसी सांसदों के एक बड़े वर्ग ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व के खिलाफ असंतोष जाहिर किया था। उसी दिन, जब ममता बनर्जी और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी दिल्ली में विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में शामिल थे, तब लोकसभा में टीएमसी सांसदों के बीच विभाजन की खबरें सामने आई थीं।