तेहरान टाइम्स  ने ट्रंप को दी चेतावनी,  लिखा- नरक में आपका स्वागत है,   ईरान में सेना उतारने की तैयारी में अमेरिका  

ईरान के एक अधिकारी ने यह भी कहा कि अगर अमेरिका ईरान पर जमीनी हमला करता है तो तेहरान यमन में अपने हूती सहयोगियों को सक्रिय करेगा और वह उसे लाल सागर में जहाजों पर हमले के निर्देश देगा।

Mar 28, 2026 - 20:43
 0
तेहरान टाइम्स  ने ट्रंप को दी चेतावनी,  लिखा- नरक में आपका स्वागत है,   ईरान में सेना उतारने की तैयारी में अमेरिका  

तेहरान। ईरान में जीतने की जिद पाले अमेरिका अपनी सेना भी उतार सकता है। इसको लेकर जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सवाल पूछा गया था तो उन्होंने इस पर कुछ भी साफ-साफ नहीं कहा था। इस बीच ईरान के अंग्रेजी अखबार तेहरान टाइम्स ने ट्रंप को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने सेना भेजी तो  ईरान उनके लिए कब्रगाह बन जाएगा।
 
तेहरान टाइम्स ने पहले ही पन्ने पर अमेरिका के जवानों की फोटो के साथ कैप्शन में लिखा, 'नरक में आपका स्वागत है.' इसमें कहा गया है कि अमेरिकी सेना का कोई भी जवान जो ईरानी धरती पर कदम रखेगा, वह 'केवल ताबूत में ही वापस लौटेगा।'

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी मीडिया ने शुक्रवार (27 मार्च, 2026) को बताया कि अमेरिका मिडिल ईस्ट में 10,000 अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती पर विचार कर रहा है।  इस कदम से यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वाशिंगटन ईरान के अंदर जमीनी अभियान की संभावना के लिए तैयारी कर रहा है। डोनाल्ड ट्रंप बार-बार दावे कर रहे हैं कि ईरान उनसे समझौता करने के लिए गिड़गिड़ा रहा है। बावजूद इसके अमेरिका ऐसे फैसले पर विचार कर रहा है।

अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में अतिरिक्त सैनिकों की मौजूदगी का उद्देश्य ट्रंप को और ज्यादा मिलिट्री ऑपशंस देना है। यह ऐसे समय पर हो रहा है जब 28 फरवरी से अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद से मिडिल ईस्ट में संघर्ष लगातार जारी है। अमेरिका की ओर से भेजी जा रही सेना की नई टुकड़ी मिडिल ईस्ट में पहले से तैनात उन हजारों पैराट्रूपर्स और मरीन सैनिकों के साथ जुड़ेगी।

ईरान के एक अधिकारी ने बुधवार (25 मार्च, 2026) को कहा था कि अगर अमेरिका ईरान पर जमीनी हमला करता है तो तेहरान यमन में अपने हूती सहयोगियों को सक्रिय करेगा। हुतियों को लाल सागर में जहाजों पर फिर से हमले शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे, जिससे युद्ध का एक नया मोर्चा खुल जाएगा।