ओडिशा के कांटाबाजी में सजे श्याम दरबार में हजारों ने मनौना धाम के महंत ओमेंद्र चौहान के हाथों ग्रहण किया जल
कांटाबांजी (ओडिशा) में मनौना धाम के महंत ओमेंद्र चौहान के दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में कई राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। निःशुल्क श्याम जल वितरण और धार्मिक आयोजनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।
कांटाबांजी (ओडिशा)। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनौना धाम के महंत ओमेंद्र चौहान के दो दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बलांगीर जिले के कांटाबांजी स्थित श्याम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में ओडिशा के विभिन्न जिलों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर 'जय श्री श्याम' के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय बना रहा।
दो दिनों तक चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री श्याम बाबा के दर्शन-पूजन किए तथा महंत ओमेंद्र चौहान से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण निःशुल्क श्याम जल वितरण रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार कर श्याम जल ग्रहण किया। मंदिर परिसर में सुरक्षा, पेयजल, दर्शन और अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के लिए स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
महंत ओमेंद्र चौहान के मीडिया मैनेजर श्यामेंद्र सिंह ने बताया कि श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान श्री श्याम के प्रति आस्था, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
आयोजन की सफलता में श्याम मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, संपादक कैलाश अग्रवाल तथा श्याम युवा मंडली के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। महंत ओमेंद्र चौहान के साथ श्यामेंद्र सिंह, वेदपाल सिंह, हमेंद्र चौहान, अजय चौहान और अजीत सिंह भी उपस्थित रहे। समापन पर देश में शांति, समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की कामना के साथ सामूहिक प्रार्थना की गई।