बरेली में विद्युत करंट से तीन की मौतः सूदनपुर गांव के घरों में उतरा 11 हजार वोल्ट का करंट, दसवीं के छात्र और एक दिव्यांग युवक की मौत, बेटे को बचाने आई मां गंभीर रूप से झुलसी, एक अन्य हादसे में विद्युत करंट से युवक मृत

-आरके सिंह- बरेली। जनपद के ग्रामीण इलाकों में बिजली का करंट मौत बनकर टूटा। दो अलग-अलग घटनाओं में एक छात्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलसकर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। दोनों हादसों के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

May 2, 2026 - 18:25
 0
बरेली में विद्युत करंट से तीन की मौतः सूदनपुर गांव के घरों में उतरा 11 हजार वोल्ट का करंट, दसवीं के छात्र और एक दिव्यांग युवक की मौत, बेटे को बचाने आई मां गंभीर रूप से झुलसी, एक अन्य हादसे में विद्युत करंट से युवक मृत
बरेली के सूदनपुर गांव में करंट की चपेट में आने से मृत दसवीं के छात्र सुभाष और दिव्यांग कुंवरपाल के फाइल फोटो।

सूदनपुर में दो-दो मौतों से मचा कोहराम

अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव सूदनपुर में शनिवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का करंट अचानक घरों में दौड़ गया। जानकारी के अनुसार गांव से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर घरों में सप्लाई देने वाली 440 वोल्टेज की लाइन पर गिरा, जिससे कई घरों में करंट फैल गया।

गांव के निवासी आरपी सिंह के अनुसार, 17 वर्षीय सुभाष पुत्र उदल सिंह, जो कक्षा 10 का छात्र था और सरस्वती विद्या इंटर कॉलेज में पढ़ता था, स्कूल जाने के लिए घर से निकल रहा था। तभी दरवाजे के पास ही करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बेटे को बचाने दौड़ी मां भी झुलसी, हालत नाजुक

बेटे को बचाने के लिए दौड़ी उसकी मां सुनीता देवी (37) भी करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

चारपाई से उतरते ही गई जान, विकलांग युवक भी बना शिकार

इसी दौरान पास में रहने वाले 24 वर्षीय कुंवरपाल पुत्र वेदराम, जो दिव्यांग था, और दर्जी का काम करता था, ने जैसे ही चारपाई से जमीन पर पैर रखे, करंट की चपेट में आ गया। उसके शरीर से चिंगारियां निकलने लगीं और मौके पर ही उसकी भी मौत हो गई। अभी यह जांच के बाद ही साफ होगा कि क्या करंट जमीन में फैल गया था। 

ई-रिक्शा में लगी आग, घरों के उपकरण फुंके

हादसे के दौरान पास में चार्ज हो रहे ई-रिक्शा में आग लग गई, जबकि कई घरों के बिजली उपकरण और बल्ब फुंक गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी इसी तरह हाईटेंशन लाइन का करंट घरों में आ चुका है, लेकिन तब केवल सामान का नुकसान हुआ था।

दूसरी घटना: कपड़े सुखाते समय युवक की मौत

दूसरी घटना क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में हुई, जहां 22 वर्षीय रंजीत की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर के आंगन में कपड़े सुखाने के लिए तार पर डाल रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रंजीत की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था।

अधिकारियों ने शुरू की जांच, मुआवजे का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश और अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) ज्ञानेश सिंह मौके पर पहुंचे और तकनीकी जांच शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि हादसे तकनीकी कारणों से हुए हैं और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई कर रही है।

लापरवाही पर उठे सवाल, ग्रामीणों में आक्रोश

लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पहले की घटनाओं से सबक लिया गया होता, तो शायद आज ये जिंदगियां बच सकती थीं।

SP_Singh AURGURU Editor