फ्लड लाइट में हॉकी का रोमांचः आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग में दूसरे दिन बंसल एस टैग और रॉयल एनफील्ड की दमदार जीत
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर दूधिया रोशनी के बीच खेली जा रही ‘आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग’ के दूसरे दिन जबरदस्त रोमांच, तेज रफ्तार खेल और आखिरी पलों तक संघर्ष देखने को मिला। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर मुकाबलों को यादगार बना दिया। दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में बंसल एस टैग और रॉयल एनफील्ड ने शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, एडीएम अजय नारायण, एसडीएम सुमित सिंह, पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं बीसीसीआई कोच के.के. शर्मा, भारतीय कुश्ती टीम के कोच नेत्रपाल सिंह, बिल्लू चौहान और संजय गौतम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बंसल एस टैग ने योद्धा फ्लिकर को 5-1 से रौंदा
दिन के पहले मुकाबले में बंसल एस टैग यूनिफॉर्म की टीम ने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए योद्धा फ्लिकर को 5-1 के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। मैच की शुरुआत से ही बंसल एस टैग ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
टीम की ओर से कपिल और खलील ने दो-दो गोल दागे, जबकि शाहरुख मलिक ने एक गोल कर जीत को और मजबूत बना दिया। योद्धा फ्लिकर की ओर से गौरव शर्मा ने एकमात्र गोल किया। हालांकि हार के बावजूद शानदार खेल दिखाने पर गौरव शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में आखिरी सेकेंड में पलटा मैच, रॉयल एनफील्ड ने छीनी जीत
दूसरा मुकाबला रोमांच की चरम सीमा पर पहुंच गया, जहां रॉयल एनफील्ड और प्रेम मोटर्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के मुख्य अतिथि राजेश गोयल, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष अशोक अग्रवाल और मंडल अध्यक्ष विजय कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ कराया।
हाफ टाइम तक प्रेम मोटर्स के खिलाड़ी मनीष के दो शानदार गोलों की बदौलत टीम 2-0 की मजबूत बढ़त बनाए हुए थी। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला प्रेम मोटर्स की झोली में जाएगा, लेकिन अंतिम क्वार्टर में रॉयल एनफील्ड ने जबरदस्त वापसी कर मैच का रुख बदल दिया।
दिलीप शर्मा ने पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और फिर फील्ड गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। मैच के अंतिम कुछ सेकेंड में राजवीर सिंह ने शानदार फील्ड गोल दागकर रॉयल एनफील्ड को 3-2 की रोमांचक जीत दिला दी।
प्रेम मोटर्स के गोलकीपर उपेंद्र कुशवाह को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
निर्णायक मंडल और आयोजन समिति रही सक्रिय
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अमिताभ गौतम, अजय सिंह राजपूत, शकील खान, धर्मेश राजपूत, गिन्नी, एम.डी. अहमद खान और रघु शामिल रहे।
इस दौरान क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष वी.के. मित्तल, आयोजन उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बघेल, धीरज मदान, रीनेश मित्तल, के.पी. सिंह यादव, गोपाल भगत, ज्ञानेंद्र यादव, बंटी यादव, अमित दीक्षित, संदीप सोलंकी, देवश यादव, सनी उपाश्रय, अमरजीत सिंह और दिलीप शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।